Uttarakhand Weather: देहरादून-मसूरी में रिमझिम बारिश, कोहरे की आगोश में पहाड़ों की रानी
Uttarakhand Weather Update: माैसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंहनगर जिले में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विस्तार
उत्तराखंड में आज मौसम खराब बना हुआ है। मसूरी और देहरादून में दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। वहीं, मसूरी में बारिश के बाद कोहरा छाया गया।
उधर, मौसम विभाग ने राज्य के बागेश्वर जिले में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून समेत पांच जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार को राज्य के बागेश्वर जिले में अधिकांश हिस्से में भारी बारिश का अनुमान है। बारिश के तीव्र दौर के साथ ही आकाशीय बिजली भी चमकेगी। वहीं, देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंहनगर जिले में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उधर, दून में बुधवार को सुबह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। कई जगहों पर तेज बारिश के चलते जलभराव और कीचड़ हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान प्रिंस चौक, दून अस्पताल के पास, चकराता रोड सहित कई जगहों पर पानी भर गया।
Kedarnath: 305 लोगों को गौरीकुंड से सोनप्रयाग पहुंचाया...मंदाकिनी के वेग में बह गईं तीन पुलिया, तस्वीरें
दो घंटे की बारिश से सचिवालय परिसर में भरा पानी
राजधानी में बुधवार को दो घंटे की बारिश से सचिवालय परिसर में भी पानी भर गया। इससे आने-जाने वाले अफसरों और कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब दो घंटे की बारिश से उत्तराखंड सचिवालय परिसर जलमग्न हो गया। मूसलाधार बारिश का असर सचिवालय के कामकाज पर भी पड़ा।
सचिवालय परिसर में पानी भरने से कर्मचारियों और अधिकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव सचिवालय के उस भवन के सामने हुआ, जिसकी चौथी मंजिल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैठते हैं। इस कारण अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों को गाड़ी से उतरकर सचिवालय बिल्डिंग में प्रवेश करने में काफी परेशानी हुई।