Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक बारिश से गिरा पारा, गर्मी से मिली राहत, देहरादून की दो उड़ानें रद्द
Uttarakhand Weather Update: दो दिन बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम खुला तो दिन के समय तेज धूप खिली। जबकि शाम के समय हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुुहाना हो गया।
विस्तार
प्रदेशभर में बीते दो दिनों से बेमौसम बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। इसका असर तापमान पर भी देखने को मिला। अप्रैल के पहले सप्ताह में सामान्य से एक से चार डिग्री तक ऊपर रहने वाला तापमान शुक्रवार को एक डिग्री कम दर्ज किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य रहा।
दो दिन बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम खुला तो दिन के समय तेज धूप खिली। जबकि शाम के समय हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुुहाना हो गया। आंकड़ों पर नजर डाले तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कमी के साथ 31.6 डिग्री रहा। जबकि रात का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री के साथ सामान्य रहा।
ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में रहा। मौसम वैज्ञानिकाें का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बेमौसम बारिश हुई। आने वाले दिनों की बात करें तो 13 अप्रैल से प्रदेश भर में मौसम शुष्क होगा।
Chardham Yatra: अब तक 16 लाख यात्रियों ने कराया पंजीकरण, चार मई तक केदारनाथ के लिए स्लॉट फुल
दिल्ली और जयपुर में मौसम खराब, देहरादून की दो उड़ानें रद्द
दिल्ली और जयपुर में खराब मौसम के कारण देहरादून आने वाली शाम की दो उड़ानों को रद्द कर दिया गया। शुक्रवार के दिन भी देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह से ही फ्लाइट के विलंब से पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लेकिन शाम साढ़े सात बजे दिल्ली से आने वाले इंडिगो की फ्लाइट को दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण रद्द कर दिया गया। वहीं, सबसे आखिर में शाम करीब 8: 00 बजे देहरादून पहुंचने वाली इंडिगो की जयपुर वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया। जिससे यह दोनों फ्लाइट देहरादून एयरपोर्ट पर नहीं पहुंच सकी।
तेज दौर की बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी
बीते दो दिनों से बिगड़े मौसम ने भले ही गर्मी से राहत दिलाई हो, लेकिन पर्वतीय जिलों में राहत की बारिश आफत बनकर आई है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को भी पर्वतीय जिलों में झोंकेदार हवाओं व तेज दौर की बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। जबकि, प्रदेशभर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले के कुछ इलाकों में कई दौर की तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कहीं-कहीं तेज गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेजी से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो 13 अप्रैल से प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा।