अरे ये क्या, यहां मॉक ड्रिल में चेन स्नेचर्स तक को नहीं पकड़ पाई पुलिस
यह हैरानी की ही बात है कि चेन स्नेचिंग की घटना के बाद सघन चेकिंग पर उतरी हरिद्वार पुलिस मॉक ड्रिल में ही चेन स्नेचर्स को नहीं पकड़ पाई। मॉक ड्रिल में पुलिस का रिस्पास टाइम हालांकि सही रहा, लेकिन चेन स्नेचर्स बनकर शहर में घूमे पुलिसकर्मी सबको गच्चा देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।
हालांकि अफसरों ने पुलिस के रिस्पांस टाइम पर संतोष जताया है। ताबड़तोड़ घटनाओं के बाद हरिद्वार पुलिस ने चेकिंग को लेकर एक नया प्लान गढ़ा था। बकायदा थाना कोतवाली से उनके क्षेत्र के चेकिंग प्वाइंट भी मांगे गए थे।
शुक्रवार को सिटी पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना फ्लैश हुई कि हरिद्वार कोतवाली के निरंजनी अखाड़ा और कनखल के बंगाली मोड़ मार्ग पर चेन स्नेचिंग की घटनाएं घटित हुई हैं सूचना फ्लैश होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
आनन- फानन में सभी प्वाइंटों पर पहुंचकर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। लेकिन चेन स्नेचस बनकर काले रंग की पल्सर एवं स्पेंल्डर मोटरसाइकिल पर निकले पुलिसकर्मी पूरे शहर में घूमकर अपने स्थान पर पहुंच गए, लेकिन पुलिस उन्हें चेकिंग के दौरान पकड़ नहीं पाई। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि चेकिंग का रिस्पांस टाइम सही रहा। भविष्य में यदि पुलिस इसी तरह एक्टिव रहेगी तो अपराधी भाग नहीं सकेंगे।