उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2019 : नदारद रहे 269 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी
इसमें पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट, 80 पीठासीन अधिकारी, 43 मतदान अधिकारी प्रथम, 51 मतदान अधिकारी द्वितीय, 46 मतदान अधिकारी तृतीय, 44 मतदान अधिकारी चतुर्थ शामिल हैं। सभी को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। तय समय पर स्पष्टीकरण नहीं देने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पौड़ी में छह कार्मिक रहे नदारद, स्पष्टीकरण तलब
पंचायत चुनाव के तृतीय चरण के मतदान कार्मिकों की प्रशिक्षण कार्यशाला का बुधवार को आयोजन किया गया। इसमें कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन की जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीडीओ ने मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यशाला से अनुपस्थित रहने वाले छह कर्मियों को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
बुधवार को मुख्यालय के संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना ने कहा कि कार्मिकों को दायित्वों का निर्वहन निर्भीकता के साथ करना है। प्रशिक्षण में छह कार्मिक अनुपस्थित रहे। इनमें तीन तृतीय मतदान अधिकारी और तीन चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नदारद कार्मिकों का स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण स्वजल दीपक रावत ने पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी, तृतीय मतदान अधिकारी व चतुर्थ मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान प्रभारी अधिकारी मतदान व मतगणना प्रशिक्षण/डीपीआरओ एमएम खान, सहायक प्रभारी पंकज जैन व डा. राजेश पचौरी आदि मौजूद रहे।