निकाय चुनाव 2018: मैदान में उतरे 4978 उम्मीदवार, अब प्रचार में ताकत झोंकेंगे प्रत्याशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर नामांकन वापसी के बाद अब 4978 उम्मीदवार मैदान में दम दिखाएंगे। नगर निकाय चुनाव में नामांकन कराने वाले दो हजार से ज्यादा उम्मीदवारों के चुनाव मैदान से हटने की सूचना है। इनमें से 300 से ज्यादा नामांकन वो वापस हुए हैं, जो कि मेयर या फिर अध्यक्ष पद के लिए भरे गए थे। नगर निकायों में पार्षद और सभासदों के लिए 1800 से ज्यादा नामांकन वापस होने की खबर है। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग को जिलों से देर शाम तक भी इस संबंध में पूरी जानकारी नहीं पहुंच पाई थी। राज्य निर्वाचन आयोग नाम वापस लेने वालों की आधिकारिक संख्या रविवार को बता सकता है।
नगर निकायों के 1148 पदों के लिए तीन दिन तक चली नामांकन प्रक्रिया में 5491 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। दो दिन तक नामांकन पत्रों की जांच का काम चला। शनिवार को काफी संख्या में नाम वापसी हो गई। गढ़वाल के मुकाबले कुमाऊं मंडल से कहीं ज्यादा नाम वापसी की खबर है। सबसे ज्यादा 689 पार्षद पद के उम्मीदवार ऊधमसिंह नगर जिले से हटे हैं। 304 सदस्यों ने हल्द्वानी नगर निगम के पार्षद पद से नाम वापस किया है। रुद्रपुर, नैनीताल, पिथौरागढ़, काशीपुर, अल्मोड़ा जैसे निकायों में हर जगह पार्षद और सभासदों के सौ से लेकर दो सौ उम्मीदवारों ने नाम वापस किए हैं।
अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा 93 नामांकन भी ऊधमसिंह नगर जिले में वापस हुए हैं। 41 नामांकन नैनीताल निकाय में वापस हुए हैं। पिथौरागढ़, चंपावत और अल्मोड़ा निकायों में अध्यक्ष पद पर 25 से 30 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए हैं।
नगर निगमों की बात करें, तो करीब 40 नाम वापसी होने की सूचना है। देर शाम तक नाम वापसी की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। राज्य निर्वाचन आयोग के कंट्रोल रूम पर भी सभी जिलों से देर रात तक अपडेट नहीं मिल पाया था।
कुमाऊं में 2129 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद कुमाऊं के तीन नगर निगमों में मेयर पद के लिए 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें हल्द्वानी में 9, रुद्रपुर में 8 और काशीपुर में 3 प्रत्याशी मेयर पद की दौड़ में हैं। पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए कुमाऊं भर में 225 प्रत्याशी मैदान में हैं। निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में पार्षदों और सभासदों के लिए 1884 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले में अध्यक्ष पद के 27 और सभासद के 151 प्रत्याशी मैदान में हैं। चंपावत जिले में अध्यक्ष पद पर कुल 25 जबकि सभासद पद के लिए 96 प्रत्याशी जोरआजमाइश करेंगे। अल्मोड़ा जिले में अध्यक्ष पद के लिए 30 और सभासद के लिए 104 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बागेश्वर जिले में अध्यक्ष पद के लिए 15 तो सभासद के लिए 49 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इसी तरह ऊधमसिंह नगर में नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 93 तो सभासदों के लिए 689 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
18 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों को 29 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। आयोग के मुताबिक चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य सुबह 10 बजे से शुरू होगा।