अमर उजाला एक्सक्लूसिव : उत्तराखंड में शून्य तबादला सत्र में सैकड़ों कर्मियों के तबादले की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शून्य तबादला सत्र घोषित किए जाने के बावजूद विद्यालय शिक्षा और उच्च शिक्षा सहित छह विभागों के सैकड़ों कर्मचारी-अधिकारियों के तबादले एवं समायोजन की तैयारी है। इन विभागों की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति की मंजूरी मिल चुकी है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस साल तबादला सत्र को शून्य सत्र घोषित किया गया था। कार्मिक विभाग की ओर से इस संबंध में बीती 20 मई को शासनादेश जारी किया गया था।
इसके बावजूद तबादला एक्ट की धारा 27 के तहत उच्च शिक्षा विभाग, राजस्व, कृषि, वित्त, पशुपालन एवं बेसिक शिक्षा विभाग में कई शिक्षकों, कर्मचारी-अधिकारियों के तबादलों के लिए इन विभागों की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। कार्मिक विभाग के उप सचिव महावीर सिंह ने विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी मिलनी की पुष्टि की है।
सरप्लस शिक्षकों का होगा समायोजन
पहाड़ के स्कूलों में जहां शिक्षकों की कमी है वहीं देहरादून और हरिद्वार दो ऐसे जिले हैं जहां शिक्षक सरप्लस हैं। राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मानक से अधिक कार्यरत शिक्षकों का समान श्रेणी के स्कूलों में खाली पद नहीं होने के कारण, दुर्गम से सुगम और सुगम से दुर्गम स्कूलों में तबादला कर समायोजन किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि देहरादून के कालसी और चकराता विकासखंड में इस तरह के शिक्षकों की संख्या करीब 80 से अधिक है। इसके अलावा हरिद्वार जिले में भी सरप्लस शिक्षक बताए गए हैं। प्रदेश के दूरदराज के जिलों से संवर्ग परिवर्तन कर इन जिलों में शिक्षकों के आने से यह समस्या बनी हुई है।
किसे कहां भेजने का है प्रस्ताव
राजकीय महाविद्यालय नारायणनगर पिथौरागढ़ से दो शिक्षकों को रुद्रपुर एवं हल्द्वानी भेजने का प्रस्ताव है।
रुद्रप्रयाग से एक शिक्षक को पौड़ी गढ़वाल, राजस्व निरीक्षक टिहरी गढ़वाल को उत्तरकाशी, राजस्व निरीक्षक बड़कोट को टिहरी, अपर कृषि निदेशक निदेशालय को पौड़ी, अपर कृषि निदेशक पौड़ी को कृषि निदेशालय, जिला पंचायत नैनीताल के वित्तीय परामर्शदाता को हल्द्वानी, सहायक लेखाधिकारी चंपावत को पिथौरागढ़, अपर निदेशक पशुपालन पौड़ी को देहरादून मुख्यालय, कर्णप्रयाग में प्रधानाध्यापिका को देहरादून, पौड़ी में सहायक अध्यापिका को देहरादून भेजने की तैयारी है।
इसके अलावा हरिद्वार और देहरादून में करीब 150 से अधिक शिक्षकों के समायोजन एवं तबादले की तैयारी है।
यह बताया गया है आधार
शासन को जिन छह विभागों की ओर से कर्मचारी-अधिकारियों के तबादले का प्रस्ताव भेजा गया है, उसमें तबादले एवं समायोजन की वजह कर्मचारियों का स्वास्थ्य, दांपत्य नीति एवं अन्य कारण होना बताया गया है।
देहरादून और हरिद्वार दो ऐसे जिले हैं जहां बेसिक में सरप्लस शिक्षक हैं। इन शिक्षकों के तबादले एवं समायोजन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अभी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
- वीएस रावत, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा