उत्तराखंड: भाजपा नेता दुष्यंत गौतम के खिलाफ कांग्रेस ने दी तहरीर, राहुल गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी करने का लगाया आरोप
कांग्रेस की गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा दसौनी ने सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पलटन बाजार स्थित कोतवाली पहुंचकर दुष्यंत गौतम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की ओर से की गई टिप्पणी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। भाजपा नेता की टिप्पणी को अमर्यादित बताते हुए कांग्रेस की ओर से उनके खिलाफ कोतवाली पुलिस में तहरीर दी गई है।
कांग्रेस की गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा दसौनी ने सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ देहरादून में पलटन बाजार स्थित कोतवाली पहुंचकर दुष्यंत गौतम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस कप्तान जन्मेजय खंडूड़ी से मिले। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी से प्रकरण की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक: टिहरी और उत्तरकाशी पहुंचे बीएल संतोष, चुनावी तैयारियों पर मंथन के साथ लिया फीडबैक
पिथौरागढ़ में भी सौंपी तहरीर
दुष्यंत गौतम के खिलाफ तहरीर देने कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता पिथौरागढ़ में थाना कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। सोमवार को जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार को भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के खिलाफ तहरीर दी। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 26 सितंबर को देहरादून में आयोजित महिला मोर्चा के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। उनकी इस टिप्पणी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ठेस पहुंची है। कहा कि भाजपा राहुल गांधी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है।
कोतवाल प्रभात कुमार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पत्र देकर गए हैं। पत्र का परीक्षण करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी किसी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
सार्वजनिक रूप से माफी मांगें भाजपा प्रदेश प्रभारी: कांग्रेस
चंपावत में जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने दुष्यंत गौतम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा। कहा कि दुष्यंत गौतम का बयान भाजपा की हार होने की बौखलाहट है। राहुल गांधी आज देश विदेश में लोकप्रिय नेता के रूप में आगे बढ़े हैं तो भाजपाई उन पर अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं।
दुष्यंत की भाषा ही भाजपा की विचारधारा : गोदियाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी पर भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी भाषा भाजपा की विचारधारा को दर्शाती है। उन्होंने भाजपा को तोड़ने वाली मानसिकता की पार्टी बताया।
सोमवार को गोपेश्वर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दुष्यंत कुमार गौतम को न तो इतिहास का पता है न वे वर्तमान से वाकिफ हैं। राहुल गांधी के परिवार से दो लोगों ने देश के लिए कुर्बानी दी है। उनके खिलाफ ऐसी बयानबाजी की कांग्रेस घोर निंदा करती है। कहा कि दुष्यंत कुमार ने फूहड़ता की सारी हदें लांघ दी हैं।
गोपेश्वर पहुंचते ही गणेश गोदियाल सबसे पहले जिला चिकित्सालय पहुंचे और गैरसैंण स्थायी राजधानी के लिए नौ दिनों से अनशन कर रहे प्रवीण सिंह काशी से मुलाकात की और जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में स्थायी राजधानी पर सरकार बनने पर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ चार दिन का सत्र चलाने से ग्रीष्मकालीन राजधानी नहीं हो जाती। विधायक और मंत्री हेलीकॉप्टर से आते हैं और चार दिन रहकर वापस चले जाते हैं।
कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं की वापसी की चर्चाओं पर गोदियाल ने कहा कि भाजपा को अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं रहा। उनके आपसी संबंध ठीक नहीं हैं, इसीलिए वह अपने नेताओं पर संदेह कर रही है। गोदियाल ने जिला पंचायत सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेेंद्र भंडारी, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जिला मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने फूंका भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत का पुतला
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए कहे गए अपशब्दों के विरोध में महानगर कांग्रेस ने भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इसे भाजपा नेताओं के मानसिक दिवालियापन करार दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजीव भवन से एस्लेहॉल चौक तक जुलूस निकालकर भाजपा प्रदेश प्रभारी के शब्दों की कड़ी निंदा की। एस्लेहॉल चौक पर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने दुष्यंत गौतम का पुतला फूंका। महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि गलत भाषा का इस्तेेमाल भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी दुष्यंत गौतम की मानसिकता और भाजपा की संस्कृति उजागर करती है।
कांग्रेस पार्टी की अगुवाई में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी गई और नेताओं ने भारत की एकता व अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। खासकर गांधी परिवार जिसके दोनों मां-बेटे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपने प्रधानमंत्री काल में प्राणों की आहुति दे दी। आधुनिक भारत की बुनियाद का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। लालचंद शर्मा ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के नेताओं को अपशब्द कहना ही भाजपा की संस्कृति बन चुकी है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुुमार, पीयूष गौड़, दीप बोहरा, नवीन जोशी, मीना रावत, मंजुला तोमर, रीता रानी, अमृता कौशल, शान्ति रावत, सावित्री थापा, मनीष नागपाल आदि मौजूद रहे।
पुतला दहन के दौरान नेताओं में विवाद
देहरादून। एस्लेहॉल पर भाजपा प्रदेश प्रभारी के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं में विवाद हो गया। पुतला दहन के दौरान धक्कामुक्की के चलते कांग्रेस प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, वरिष्ठ नेता मनीष नागपाल आदि नेताओं में जुबानी जंग हुई। हालांकि, बाद में इन नेताओं ने कहा कि उनके बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। गलतफहमी में मामूली विवाद हो गया था।