फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   uttarakhand news: CM lays various development works foundation stone, dozens of Congress worker showing black flags, arrested

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शिलान्यास, काले झंडे दिखा रहे दर्जनों कांग्रेसी गिरफ्तार

Sat, 21 Nov 2020 08:12 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, रुद्रपुर
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, रुद्रपुर Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal Updated Sat, 21 Nov 2020 08:12 PM IST
विज्ञापन
uttarakhand news:  CM lays various development works foundation stone, dozens of Congress worker showing black flags, arrested
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत - फोटो : AMAR UJALA FILE PHOTO

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को रुद्रपुर में गांधी पार्क में दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत किसानों को तीन लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। सीएम ने किसानों को ऋण के चेक देने के साथ ही महिला समूहों को भी ब्याज रहित पांच लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए। 

विज्ञापन


इस मौके पर सीएम ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण देने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इस ऋण योजना की तीसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है।
विज्ञापन


पहले चरण में किसानों को दो प्रतिशत ब्याज पर एक लाख का ऋण और दूसरे चरण में ब्याज रहित एक लाख रुपये का ऋण दिया गया। इस योजना की सफलता को देखते हुए अब किसानों को ब्याज रहित तीन लाख रुपये के ऋण की सुविधा दी जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सीएम ने गांधी पार्क में 11,944.7 लाख के 32 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और 2,578.7 लाख रुपये के 15 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री सुबह करीब साढ़े 11 बजे रुद्रपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य में कृषि उत्पादन के साथ ही उत्पादकता भी बढ़ी है। किसानों की मेहनत के प्रतिफल के रूप में राज्य को कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। सीएम ने कहा कि कि गन्ना किसानों को शत प्रतिशत भुगतान करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। 

किसानों को धान का भुगतान एक सप्ताह के भीतर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सरकार धान खरीद का लक्ष्य पूरा कर चुकी है। प्रदेश में 242 सरकारी केंद्रों में धान खरीद हुई है। किसानों को एक सप्ताह के भीतर धान का भुगतान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को एक रुपये में पेयजल कनेक्शन दिए जा रहे हैं। शीघ्र ही शहरी क्षेत्र के लोगों को भी सौ रुपये में पेयजल कनेक्शन दिए जाने की तैयारी है। पहले चरण में पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दूसरे चरण में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता और तीसरे चरण में गुणवत्ता युक्त पानी दिया जाएगा। बागेश्वर और देहरादून में दिसंबर तक यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। 

पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में चल रहा काम

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एवं ग्रीन एयरपोर्ट बनाने का कार्य चल रहा है। जिले में अब तक 10,800 को लोगों को भूमिधरी का अधिकार और 6,619 लोगों को स्वामित्व योजना का लाभ मिल चुका है। 

कार्यक्रम में इन्होंने की शिरकत 

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, खटीमा विधायक पुष्कर धामी, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा, लालकुआं विधायक नवीन दुम्का, जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार, मेयर रामपाल सिंह, उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिला महामंत्री हिमांशु बिष्ट, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. पराग मधुकर धकाते, डीएम रंजना राजगुरु, एसएसपी डीएस कुंवर, तराई विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष गोपाल बोरा, राकेश सिंह, उत्तम दत्ता, ललित मिगलानी आदि मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का कार्य कर रही है। जिले में एनएच घोटाले में अब तक 111 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। छह के खिलाफ कार्रवाई होनी शेष है। उन्होंने जिले में धान खरीद में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को संज्ञान लेने को कहा। 
 

सीएम ने गांधी पार्क में स्टॉलों का किया निरीक्षण

गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने डेयरी, कृषि, महिला बाल विकास विभाग, उरेडा, ऐपण कला, अल्पसंख्यक विभाग आदि  के स्टॉलों पर उत्पादों का निरीक्षण किया। समय कम होने के कारण मुख्यमंत्री उद्यान विभाग, पशुपालन और मत्स्य विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण नहीं कर पाए। उद्यान विभाग के स्टॉलों में केला जी-9, ड्रैगन फ्रूट, अमरूद के एल-49, ऐश्वर्या और गोल्डन प्रजाति के अमरूद चर्चा का विषय रहे। लोगों ने इनकी खेती करने के लिए जानकारी ली।

अधिकारियों का कहना था कि वह मुख्यमंत्री को बाजपुर के प्रसिद्ध एल-49 और ऐश्वर्या प्रजाति के अमरूद का स्वाद चखाना चाहते थे लेकिन वह स्टॉल का निरीक्षण नहीं कर पाए। इधर, डेयरी विकास विभाग के स्टॉलों में लोगों को आंचल का सुगंधिता दूध, छेना, खीर आदि का स्वाद बेहद पसंद आया। स्टॉलों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बिगवाड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। संवाद 

काला मास्क लगाकर कार्यक्रम में पहुंच रहे लोगों को रोका 

गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में काले रंग का मास्क पहनकर पहुंच रहे लोगों को गेट पर रोक दिया गया। इस कारण कई लोग गेट के भीतर प्रवेश नहीं कर सके। वे गांधी पार्क के बाहर से मुख्यमंत्री का संबोधन सुनते नजर आए, जबकि कुछ लोग नया मास्क खरीदकर कार्यक्रम में पहुंचे। 

व्यापारियों ने की बाईपास की चौड़ाई कम करने की मांग 

विधायक राजकुमार ठुकराल और व्यापार मंडल के प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश बंसल के नेतृत्व में व्यापारियों ने सीएम त्रिवेंद्र रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने काशीपुर बाईपास मार्ग की प्रस्तावित चौड़ाई को कम करने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि काशीपुर बाईपास को 150 फिट चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जो कि किसी भी तरह से तर्क संगत नहीं है। कहा कि बाईपास पर न तो बड़े वाहन चलते हैं और न ही कोई ओवर लोड वाहन चलते हैं। वर्तमान में रोड की चौड़ाई लगभग 50 फिट है।

प्रशासन को सड़क का विस्तारीकरण करना है, तो दोनों तरफ  40-40 फिट चौड़ा करके 80 फिट की सड़क बनाकर शहर को सौंदर्यीकरण किया जा सकता है। जिससे आवागमन की समस्या से निजात मिल जाएगा व व्यापारियों को नुकसान से भी बचाया जा सकता। व्यापारियों की समस्या पर सीएम ने चौड़ाई को कम करने का आश्वासन दिया। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री हरीश अरोरा, रमेश ढींगरा, अमन भुसारी, अजय, पवन नारंग, राजकुमार सीकरी, नृपेंद्र वर्मन, संजू मुटनेजा, पुलकित तनेजा, शरद गर्ग, अमनदीप ग्रोवर, साहिल, विनोद, हेमंत, कर्मदीप सिंह आदि थे। 
 

खुफिया तंत्र फेल, सीएम की फ्लीट के सामने उड़ाए काले गुब्बारे

सीएम के दौरे का विरोध होने की आशंका को लेकर पुलिस का खुफिया तंत्र सुबह से अलर्ट रहा लेकिन ऐनवक्त पर खुफिया तंत्र नाकाम साबित हो गया। रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर सीएम की फ्लीट के सामने कांग्रेस प्रदेश सचिव नंदलाल और अन्य कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे उड़ाकर गो बैक के नारे लगाए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर वाहन में डालने का प्रयास किया तो वे विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश सचिव और कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांज दीं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

शनिवार को सीएम त्रिवेंद्र रावत रुद्रपुर में दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना का शुभारंभ करने पहुंचे थे। 31वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में हेलिकॉप्टर उतरने के बाद सीएम कार से नैनीताल रोड से गांधी मैदान जा रहे थे। डीडी चौक से कुछ पहले कांग्रेस प्रदेश सचिव नंदलाल और वार्ड अध्यक्ष तरनदीप यादव ने मुख्यमंत्री की फ्लीट के आगे काले गुब्बारे उड़ाकर गो बैक के नारे लगाने शुरू कर दिए।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर वाहन में डालना चाहा तो वे विरोध करने लगे। दोनों को रोकने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां भांज दीं। लाठियां हाथ, पैर में लगने से दोनों चोटिल हुए हैं। सीएम की फ्लीट के सामने काले गुब्बारे उड़ाने की भनक पुलिस के खुफिया तंत्र को नहीं लगी।  इधर, कांग्रेसियों ने पुलिस की मारपीट का विरोध किया है। उनका कहना है कि पुलिस को कार्यकर्ताओं को रोकने का अधिकार तो है लेकिन मारपीट करने की छूट नहीं है।

पूर्व मंत्री बेहड़ समेत 40 कांग्रेसियों को किया गिरफ्तार

सीएम के आगमन पर विरोध कर रहे पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ समेत 40 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार पर किसानों को धान का समय से भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक नारायण पाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने आंबेडकर पार्क में धरना दिया।

सीएम के पहुंचने से एक घंटे पहले पुलिस ने सभी धरने से उठाकर हिरासत में ले लिया। वहां पूर्व पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, पुष्कर राज जैन, सोनू शर्मा मौजूद थे। वहीं, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के नेतृत्व में सीएम को काले झंडे दिखाने आ रहे दर्जनों कांग्रेसियों को पुलिस ने अग्रसेन चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। वहां पर राजेंद्र निषाद, सचिन मुंजाल, दिनेश पंत, दुलविंदर सिंह, राघव सिंह, राजीव कालरा, जगदीश दास, जय सिंह आदि थे।

उधर, बाजपुर में बाजपुर बचाओ मुहिम के संयोजक कांग्रेसी नेता जगतार सिंह बाजवा के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने हाथों में काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ नारेबाजी की। उसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान को सौंपा। मांग की गई कि मुख्यमंत्री को किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हक में निर्णय लेकर ही ऊधमसिंह नगर आना चाहिए। वहां पूरन सिंह, रवि बरुआ, प्रिंसदास, विकल कुमार, दिवस पांडे, करन सिंह निक्कू, शिवम, विक्की सिंह, संजीव कुमार, नदीम, राजकिशोर सिंह आदि थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed