Lok Sabha Elections 2024: काम की बात...वोटर हेल्पलाइन एप से देखें, कब और कहां पड़ेगा आपका वोट
Uttarakhand Lok Sabha Elections 2024: चुनाव आयोग वोटर हेल्पलाइन एप से ऐसी तमाम सुविधाएं दे रहा है, जिससे मतदाताओं को जानकारी के लिए दौड़ न लगानी पड़े।
विस्तार
उत्तराखंड में आने वाले 19 अप्रैल को कब और कहां मतदान होगा। कौन-कौन से प्रत्याशी आपके लोकसभा क्षेत्र में चुनाव मैदान में हैं, ये जानकारी भी आपको चुनाव आयोग का वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप घर बैठे ही देगा।
चुनाव आयोग वोटर हेल्पलाइन एप से ऐसी तमाम सुविधाएं दे रहा है, जिससे मतदाताओं को जानकारी के लिए दौड़ न लगानी पड़े। मतदाताओं का नाम निर्वाचन नामावली में है या नहीं, पहले मतदाताओं को बीएलओ या फिर पार्टियों के कार्यकर्ताओं पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब मतदाता, खुद वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए अपने नाम को वोटर लिस्ट में सर्च कर सकते हैं।
साथ ही मतदाता का मतदान केंद्र कहां है। उस सीट पर कौन-कौन से प्रत्याशी चुनावी मैदान में खड़े हैं। इसके अलावा मतदाता बनने के लिए भी घर बैठे ही इस एप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए लोगों को अपने फोन में वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड करना होगा।
एप के जरिए मतदाताओं की परेशानियों को आसान और सरल किया गया है। जिसके जरिए जनता, वोटर रजिस्ट्रेशन, वोटर सर्विस, ई-मतदाता कार्ड, चुनाव की जानकारी, प्रत्याशियों की जानकारी, चुनाव के नतीजे के साथ ही शिकायत और सुझाव भी दे सकती है। कुल मिलाकर इस एप में चुनाव संबंधित जनता से जुड़े तमाम चीजों का प्रावधान किया गया है।