उत्तराखंड: जसपुर में आदमखोर तेंदुए की दहशत, शिकायत पर रेंजर बोले- हनुमान नहीं कि उड़कर आ जाऊंगा
- नाराजगी : रेंजर के बिगड़े बोले से लोग नाराज, जसपुर के विधायक ने डीएफओ को भेजा ऑडियो
- कुछ दिन पहले तेंदुए ने एक बच्ची को बनाया था शिकार, शनिवार को एक ग्रामीण को किया घायल
विस्तार
आदमखोर तेंदुए की जसपुर में दहशत और रेंजर साहब के बेतुके बयान से लोग निराश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले क्षेत्र की एक बच्ची को तेंदुए मार चुका है और शनिवार को फिर उसने एक ग्रामीण पर हमला किया।
इसकी जानकारी रेंजर को दी गई तो आरोप है कि रेंजर ने कहा कि हनुमान नहीं हूं जो उड़कर आ जाऊंगा। इस मामले का एक ऑडियो ग्रामीणों ने विधायक के जरिये डीएफओ को भेजा है। डीएफओ ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
ग्राम भगवंतपुर में दो दिन से लगातार रात को एक तेंदुआ ग्रामीणों की पशुशाला के इर्द-गिर्द मंडराता दिखाई दे रहा है। शनिवार देर शाम जसपुर से साइकिल पर सवार होकर भगवंतपुर आ रहे शिवम चौहान को तेंदुए ने हमला मारकर घायल कर दिया।
शनिवार रात को गांव में रहने वाले मुजाहिद हुसैन ने मोबाइल फोन से तेंदुआ आने की सूचना पतरामपुर रेंज के रेंजर को दी। आरोप है कि रेंजर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसे मुजाहिद हुसैन ने रिकार्ड कर लिया है। रविवार को उन्होंने कॉल की ऑडियो टेप विधायक आदेश चौहान को सुनाई।
पिंजरा लगाने को कहा।
सोमवार को विधायक आदेश चौहान ग्रामीणों के साथ पतरामपुर वन रेंज चौकी पर पहुंचे और रेंजर से क्षेत्र में पिंजरा लगाने को कहा। इस दौरान विधायक ने रेंजर को खरीखोटी सुनाते हुए डीएफओ से भी शिकायत की। बताया कि कुछ दिन पूर्व यूपी, उत्तराखंड के सीमावर्ती ग्राम धर्मपुर बहेड़ी में एक तेंदुआ 11 साल की एक बच्ची को उठाकर ले गया था।
उसका शव गन्ने के खेत में मिला था। उस घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में दहशत है। उधर, रेंजर आनंद सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्होंने रेंज में एक गाड़ी का हवाला देते हुए आने में वक्त लगने की बात कही और ग्रामीणों से अपने घरों में रहने को कहा था। इधर, डीएफओ हिमांशु बांगड़ी ने बताया कि विधायक आदेश चौहान ने उन्हें ऑडियो क्लिप भेजी है।