Uttarakhand Investor Summit 2023: समृद्ध दशक की दस्तक...दून में जुटे निवेशक, पीएम मोदी ने दिया बड़ा संदेश
Uttarakhand Investor Summit 2023: प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। मेरे तीसरे कार्यकाल (टर्म) में देश की अर्थव्यवस्था तीसरे पायदान पर होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को विदेशी बाजार में ले जाने के उद्देश्य से ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज भी लांच किया। इस दौरान अदाणी समूह के डायरेक्टर एमडी प्रणव अदाणी, जेएसडब्लू के चेयरमैन सज्जन जिंदल, आईटीसी के चेयरमैन संजीव पुरी, पतंजलि के संस्थापक योगगुरु बाबा रामदेव समेत छह नामी उद्योगपतियों ने मंच से राज्य में निवेश की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। मेरे तीसरे कार्यकाल (टर्म) में देश की अर्थव्यवस्था तीसरे पायदान पर होगी। उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार, एक सहायक नीति प्रणाली, सुधार और परिवर्तन की मानसिकता और विकास में विश्वास का संयोग पहली बार बना है। उन्होंने देश और दुनिया से आए निवेशकों और प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि यह देश, कंपनियों और निवेशकों के लिए अभूतपूर्व समय है। लिहाजा उत्तराखंड के साथ चलें और इसकी विकास यात्रा में भाग लें।
Uttarakhand Investor Summit: चार जोन में बांटा एफआरआई, ग्राउंड में बसाया 'छोटा शहर', बिना पास के प्रवेश नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत और भारतीयों को दुनिया उम्मीद और सम्मान से देख रही है। हर भारतीय एक दायित्व के रूप में इसे ले रहा है। हर देशवासी को लगता है कि विकसित भारत का निर्माण उसकी अपनी जिम्मेदारी है। इसी आत्मविश्वास का परिणाम है कि कोरोना महासंकट और युद्धों के संकट के बावजूद भारत इतनी तेज़ी से विकसित हो रहा है। उसी कारण आज भारत बाकी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में अलग ही दिखता है। राष्ट्रीय स्तर पर भारत की इस मजबूती का फायदा, उत्तराखंड समेत देश के हर राज्य को हो रहा है।
पीएम ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल में श्रमिकों के सफल बचाव अभियान में शामिल राज्य सरकार और अन्य सभी लोगों की सराहना की। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम स्थल के समीप बने पंडाल में स्थानीय उत्पादों और पर्यटन, वैलनेस की थीम पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। राज्यपाल ले.जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश सरकार के मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद व विधायक भी उपस्थित थे।
वेड इन इंडिया आंदोलन शुरू करें, उत्तराखंड वेडिंग डेस्टिनेशन बन जाएगा
प्रधानमंत्री ने देश के अमीरों, संपन्न लोगों और युवाओं से मेक इन इंडिया, वेड इन इंडिया का आंदोलन शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कहावत है कि शादी के जोड़े ईश्वर बनाता है। ईश्वर जोड़े बनाता है तो आप ईश्वर से आशीर्वाद लेने देवभूमि में आइये। उन्होंने अनुरोध किया कि अगले पांच से आठ वर्षों में वे अपने परिवार में से एक विवाह समारोह उत्तराखंड में करें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक साल में 5000 शादियां भी होती हैं, तो एक नया बुनियादी ढांचा तैयार हो जाएगा और राज्य को दुनिया के लिए एक विवाह स्थल के रूप में बदल देगा।
दूसरे देशों पर कम से कम निर्भर रहें
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में ऐसी सप्लाई चेन विकसित करनी है कि हम दूसरे देशों पर कम से कम निर्भर रहें। केंद्र सरकार ने पीएलआई जैसा एक महत्वाकांक्षी अभियान चलाया है। इसमें क्रिटिकल सेक्टर्स के लिए एक इको सिस्टम बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सस्ते निर्यात और क्षमता निर्माण को प्राथमिकता देने की मानसिकता से बाहर आने की जरूरत है। उन्होंने पेट्रोलियम और कोयले के आयात बिल का भी जिक्र किया।
हम जो भी करें वह श्रेष्ठ हो
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम जो भी करें, वह विश्व में श्रेष्ठ हो। हमारे मानकों का दुनिया को अनुसरण करना चाहिए। हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए नेशनल कैरेक्टर(राष्ट्रीय चरित्र) को सशक्त करना होगा। हमारा विनिर्माण शून्य प्रभाव, शून्य दोष के सिद्धांत पर हो। हमें इस बात पर ध्यान केंद्रित करना है कि निर्यातोन्मुख विनिर्माण को कैसे बढ़ाया जाए।
आंकाक्षी भारत स्थिर सरकार चाहता है
पीएम ने कहा कि आकांक्षी भारत, आज अस्थिरता नहीं चाहता, वो स्थिर सरकार चाहता है। हाल में हुए विधानसभा चुनावों में भी हमने ये देखा है। और उत्तराखंड के लोगों ने पहले ही करके दिखाया है। जनता ने स्थिर और मजबूत सरकारों के लिए जनादेश दिया है। जनता ने गुड गवर्नेंस के लिए वोट दिया, गवर्नेंस के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर वोट दिया है।
उत्तराखंड में है दिव्यता और विकास..सुनाई अपनी कविता
पीएम ने कहा कि उत्तराखंड वह राज्य है, जहां दिव्यता और विकास एक साथ महसूस होता है। प्रकृति, संस्कृति और विरासत को अपने में समेटे उत्तराखंड एक ब्रांड के रूप में उभरने जा रहा है। इस भावना को और विस्तार देने के लिए प्रधानमंत्री ने अपनी कविता ..जहां अंजुलि में गंगाजल हो/ जहां हर एक मन बस निश्छल हो.. भी सुनाई। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले जब मैं बाबा केदार के दर्शन के लिए आया था तो अचानक मुंह से ..21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा.. निकल गया था मुझे खुशी है कि अपने उस कथन को लगातार चरितार्थ होते देख रहा हूं। पीएम ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आकर मन धन्य हो जाता है।
चारों ओर दिख रहा है डबल इंजन, दून-दिल्ली की दूरी ढाई घंटे की रह जाएगी
पीएम ने कहा कि उत्तराखंड इसलिए विशेष है क्योंकि यहां डबल इंजन की सरकार है। यहां चारों ओर डबल इंजन का काम दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार ने यहां योजनाएं चलाई। यहां की सरकार ने उनको उतनी ही तेजी से जमीन पर उतारा। रोड, हवाई कनेक्टिविटी में निरंतर सुधार है। चारधाम और ग्रामीण सड़कें सुधरी हैं। दून से दिल्ली की दूरी ढाई घंटे की रह जाएगी। पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार से हवाई कनेक्टिविटी मजबतू होगी। यह सब कृषि, उद्योग, लॉजिस्टिक्स, भंडारण, पर्यटन और आतिथ्य के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है।
पीएम ने निवेशकों से कहा, उत्तराखंड में ये शक्ति बड़ा बाजार तैयार कर रही
पीएम ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की वजह से पांच साल में साढ़े तेरह करोड़ से ज्यादा लोग, गरीबी से बाहर आए हैं। इन करोड़ों लोगों ने अर्थव्यवस्था को एक नई गति दी है। आज भारत के भीतर कंजंप्शन बेस्ड इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ रही है। एक तरफ नया-नया गरीबी से बाहर निकला है वो अपनी ज़रूरतों पर ज्यादा खर्च करने लगा है। दूसरी तरफ मिडिल क्लास है, जो अब अपनी आकांक्षाओं की पूर्ति पर, अपनी पसंद की चीजों पर भी ज्यादा खर्च कर रहा है। इसलिए हमें भारत के मिडिल क्लास के पोटेंशियल को समझना होगा। उत्तराखंड में समाज की ये शक्ति भी आपके लिए बहुत बड़ा मार्केट तैयार कर रही है।
दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प लेता हूं
उन्होंने उत्तराखंड सरकार को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड लॉन्च करने की बधाई दी। कहा कि यह उत्तराखंड के लोकल उत्पादों को विदेशी बाजारों में स्थापित करने के लिए अभिनव प्रयास है। इससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को विदेशी बाजारों में पहचान मिलेगी, नया स्थान मिलेगा। पीएम ने कहा, देश में दो करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी का मैंने मन में संकल्प बना लिया है। ये हाउस ऑफ हिमालय जो ब्रांड है ना उससे मेरा दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का काम और तेजी से बढ़ जाएगा।
मोदी ने ठान ली है, पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम आएगी
पीएम ने कहा कि यहां सालों से एक कल्पना बनी हुई है। बोला जाता है कि पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी पहाड़ के काम नहीं आता है। जवानी रोजी रोटी के लिए कहीं चली जाती हैं, पानी बहकर के कहीं दूर पहुंच जाता है। लेकिन मोदी ने ठान लिया है, अब पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम भी आएगी और पहाड़ का पानी भी पहाड़ के काम आएगा। उन्होंने कहा कि इतनी सारी संभावनाएं देखकर के मैं ये संकल्प ले सकता हूं कि हमारा देश हर कोने में सामर्थ्य के साथ खड़ा हो सकता है, नई ऊर्जा के साथ खड़ा हो सकता है।
आ जाओ मैदान में उठा लो फायदा
पीएम ने निवेशकों का आह्वान किया कि राज्य सरकार ने जो नीतियां बनाई हैं, उनका फायदा उठाइये। सरकार नीतियां बनाती हैं, पारदर्शी होती हैं, हरेक के लिए खुली होती हैं। जिसमें दम हो, आ जाए मैदान में, फायदा उठा ले। उन्होंने कहा, मैं आपको गारंटी देता हूं जो बातें हम बताते हैं, उसके लिए हम डटकर के खड़े भी रहते हैं, उसे पूरा भी करते हैं। आप सभी इस महत्वपूर्ण अवसर पर आए हैं, उत्तराखंड का मुझ पर विशेष अधिकार है। मेरे जीवन के एक पहलू को बनाने में इस धरती का बहुत बड़ा योगदान है।
उत्तराखंड में बनेगा कन्वेंशन सेंटरः धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निवेशकों का आह्वान किया कि उत्तराखंड में डबल इंजन का मजबूत इरादा है और निवेश की भरपूर संभावनाएं हैं। ऐसा वातावरण शायद कहीं और नहीं मिलेगा। उन्होंने गुजरात की तर्ज पर उत्तराखंड में एक कन्वेंशन सेंटर बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में निवेशक सुरक्षित हाथों में हैं। उनकी सरकार निवेशक मित्र नीतियां लाई हैं, जो राज्य और आपके सपनों को साकार करने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राष्ट्र ऋषि की मिसाल देते हुए कहा कि वह भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रयत्नशील हैं। हम वाइब्रेंट गुजरात से प्रेरणा लेकर सम्मेलन कर रहे हैं। हर दो वर्ष में इस तरह का सम्मेलन होगा।