नैनीताल: राज्यपाल की वीआईपी ड्यूटी पर गई पुलिस विभाग की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य की वीआईपी ड्यूटी पर गई पुलिस विभाग की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में चालक नंदन व सिपाही ललित मोहन की मौत की सूचना है।
नैनीताल के दुर्गापुर स्थित पार्वती प्रेम जगाती सरस्वती विहार में आज खेलकूद प्रतियोगिता थी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य शिरकत कर रही थी। राज्यपाल की वापसी से ठीक पहले काठगोदाम पुलिस की गाड़ी में थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, एसआई माया बिष्ट, कॉन्स्टेबल ललित और चालक नंदन सिंह ड्यूटी पर निकले थे।
अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी बोलेरो
तभी स्कूल से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक तीव्र मोड़ पर बोलेरो गाड़ी संख्या यूके 08 जीए 0128 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गाड़ी ऊपर की सड़क से नीचे की सड़क में पहुंच गई, जिससे सभी पुलिस कर्मियों को गंभीर चोट आई है।
बोलेरो ऊपर को आ रही टाटा नैनो यूपी 15 बीजेड1856 पर जा गिरी। मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स ने सभी को निकालकर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया। जहां सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला
हादसे में बोलेरो में सवार किसी भी पुलिसकर्मी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अनियंत्रित होने के तुरंत बाद बोलेरो ने एक पलटी ली और सीधे नीचे की सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद पुलिसकर्मी दुर्घटनाग्रस्त वाहन में ही फंस गए थे, घायल होने के कारण उनके शरीर से काफी खून भी बह चुका था।
पुलिस कर्मियों की मौत पर राज्यपाल ने दुख जताया
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सड़क हादसे में दो पुलिस कर्मियों की मौत पर गहरा दुख जताया है। साथ ही घायल पुलिस कर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। राज्यपाल ने डीएम एवं एसएसपी सुनील कुमार मीणा को निर्देश दिए हैं कि वह घायल पुलिसकर्मियों के इलाज में कमी न आने दें।
एंबुलेंस आने में भी हुई देरी
दुर्घटना के समय भाजयुमो नेता विकास भगत अपने साथी गौरव जोशी के साथ नैनीताल से आ रहे थे। दोनों नेताओं ने घायल पुलिसकर्मियों को निकालने में मदद की। गौरव ने बताया कि फोन करने के काफी देर बार 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने बोलेरो का दरवाजा तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बोलेरो चालक नंदन बिष्ट और ललित मोहन के सिर पर कांच घुस गया था। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने सीट बेल्ट लगाया था। इसी वजह से बच गए।