Uttarakhand By-Election: मंगलौर में विवाद...CEO दफ्तर पहुंची भाजपा, कांग्रेस ने की दोबारा मतदान कराने की मांग
Uttarakhand By-Election 2024: भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पर मंगलौर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने की साजिश करने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस ने फायरिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और दोबारा मतदान कराने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंगलौर विधानसभा के उपचुनाव के लिए हुए मतदान के दौरान लिब्बरहेड़ी में विवाद को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सचिवालय स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के कार्यालय पहुंचा और उन्हें ज्ञापन सौंपा। वहीं, कांग्रसे ने भी निर्वाचन आयोग से दोबारा मतदान की मांग की।
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पर मंगलौर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने की साजिश करने का आरोप लगाया। कहा कि बाहर से आए कांग्रेसियों ने अफवाह फैलाकर माहौल खराब कर मतदान प्रभावित करने की कोशिश की। इसी क्रम में वर्ग विशेष में झूठी अफवाहें फैलाकर वहां का माहौल खराब करने की साजिश को अंजाम दिया गया। इस सबके पीछे उनका प्रयास वहां के चुनाव को प्रभावित किए जाने का था। कांग्रेस ने पूर्णतया सोची समझी रणनीति के तहत इस घटनाक्रम को अंजाम दिया है, जो पूरी तरह से आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रतिनिधिमंडल में धर्मपुर से भाजपा विधायक विनोद चमोली, राजपुर विधायक खजान दास, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी शामिल थे।
Roorkee: मतदान के दौरान लिब्बरहेड़ी जाने की जिद पर अड़े पूर्व सीएम हरीश रावत, पुलिस ने हिरासत में लिया
कांग्रेसियों ने रचा मतदान प्रभावित करने का षडयंत्र : भाजपा
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मंगलौर के लिब्बरहेड़ी प्रकरण में कांग्रेस पर सहानुभूति हासिल करने के लिए मतदान को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोनों ही सीटों पर उपचुनाव में असहज स्थिति में है और शुरू से ही आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। इसके लिए वह प्रत्याशियों को लेकर तमाम भ्रामक प्रचार करती रही और मशीनरी के दुरुपयोग सहित तमाम आरोप लगाकर खुद को पीड़ित दिखाती रही। लिब्बरहेड़ी में कुचक्र रचा गया और आपसी मारपीट को भाजपा की ओर मोड़ने का असफल प्रयास किया गया। जीत के लिए तरस रही कांग्रेस हर तरह के हथकंडे अपना रही है। हरिद्वार जिला प्रशासन ने गोली चलने की खबर को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि गोली चलने की घटना हुई है, तो उसकी जांच होनी चाहिए।
लिब्बरहेड़ी पोलिंग बूथ पर दोबारा मतदान कराने की मांग
मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में लिब्बरहेड़ी बूथ पर मारपीट और फायरिंग मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी निर्वाचन आयोग पहुंची। कांग्रेस ने फायरिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और दोबारा मतदान कराने की मांग की।
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीवीआरसी पुरुषोत्तम को मुलाकात कर लिब्बरहेड़ी बूथ पर हुई घटना को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मंगलौर उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन व मतदान कर्मियों की मौजूदगी में लिब्बरहेड़ी पोलिंग बूथ पर फायरिंग की गई। बाहरी राज्यों से आए असामाजिक तत्वों ने मतदाताओं पर लाठी-डंडों से हमला किया। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शकील, सहबाग व शौकीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग को कई बार लिखित शिकायत दी कि मंगलौर क्षेत्र में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश के नंबरों की गाड़ियां चल रही हैं, जिसमें भाजपा के पोस्टर लगे हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से फायरिंग व मारपीट करने वालों के साथ जिम्मेदार पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा लिब्बरहेड़ी के बूथ संख्या 53 व 54 में दोबारा मतदान कराया जाए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सलाहकार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत, आईसी सेल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विशाल मौर्य, प्रवक्ता सुलेमान अली, अनुराग मित्तल, डॉ. सुरेंद्र प्रजापति आदि मौजूद थे।