उत्तराखंड स्थापना दिवस: राज्यपाल ने ली रैतिक परेड की सलामी, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य स्थापना दिवस पर आज देहरादून स्थित पुलिस लाइन में रैतिक परेड आयोजित की गई। जहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने परेड की सलामी ली। वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं भी दी।
सुबह करीब दस बजे से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उसके बाद मुख्य अतिथि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य कार्यक्रम में पहुंची। निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रपति व अन्य पदक विजेताओं का अलंकरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में आतंकी गतिविधियों और आपदा की स्थिति में गुलदार और एसडीआरएफ के जवान डेमो के माध्यम से अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से मूल्यांकन हो, कि वास्तव में सपने कितने पूरे हुए हैं। राज्य के आंकड़े राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रहे हैं। लेकिन अभी भी कई चुनौतियां हैं जिनका हल करना है। दुर्गम पहाड़ के इलाकों में पलायन रोकना होगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य किशोरावस्था को पूरा कर चुका है। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को शुभकामनाएं दी। इस एक वर्ष में राज्य पुलिस के कार्यों को सराहा। कहा कि जब भी पुलिस को मौका मिला उसने काम किया। आपदा से लेकर हर मोर्चे पर राज्य की पुलिस ने बेहतर काम किया। समय में परिवर्तन के साथ ही समस्याएं बढ़ी है। अपराधियों को अपने रडार पर रखना है। देश में टॉप 10 थानों में 2 थानों का नाम आना राज्य के लिए गर्व की बात है। व्यवहार में हमारी पुलिस मधुर है और आगे भी रहेगी। राज्य बहुत तेजी से विकास की ओर जा रहा है। इन्वेस्टर्स समिट ने विकास की नई रेखा खींची है। इस दौरान राज्यपाल ने देहरादून 'उत्तराखंड पुलिस पत्रिका' और 'सशक्त समाज की ओर' पत्रिकाओं का विमोचन किया।
देहरादून डीजीपी अनिल रतूड़ी ने राज्य की जनता और फोर्स दोनों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। कहा कि उच्च मनोबल के साथ फोर्स काम करेगी। पुलिस का काम जटिल और जोखिमों से भरा है। कार्यक्रम में विगत 15 अगस्त को हुए एलान के तहत राष्ट्रपति और राज्यपाल मेडल दिए गए। कमांडेंट 40 वाहिनी रोशन लाल शर्मा, सीओ मनोज ठाकुर और एसओ संजय कुमार को सम्मनित किया गया। बेस्ट थाने का खिताब थाना सितारगंज को दिया गया। बीपीआरडी के मानकों के अनुरूप पाए जाने पर यह खिताब दिया गया।
2000 में उत्तराखंड को एक अलग राज्य के रूप में पहचान मिली
आज उत्तराखंड को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए हुए 18 साल पूरे हो गए। आज ही के दिन साल 2000 में उत्तराखंड को एक अलग राज्य के रूप में पहचान मिली थी।
इस मौके पर जहां राज्यभर में आज अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्विटर के जरिए उत्तराखंड की जनता को बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकृति, प्रगति और समृद्ध संस्कृति की अनमोल संगम-स्थली यह प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करे।'
राष्ट्रपति ने दी बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर पर उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को बधाई के साथ ही शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया कि 'मेरी कामना है कि यह राज्य, आने वाले वर्षों में निरंतर समृद्ध और विकसित होता रहे।'