Unlock-1 : कॉर्बेट में तीन जोन में कर सकेंगे सफारी, जागेश्वर धाम में शुरू हुई ऑनलाइन पूजा
अनलॉक-1 में पर्यटकों को जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में सफारी का मौका रविवार से मिलेेगा। एनटीसीए के बाद अब वन विभाग ने इसकी अनुमति दे दी है। एनटीसीए की ओर से जारी गाइडलाइन में साफ कहा गया था कि पार्क भ्रमण केवल पचास प्रतिशत सीटिंग क्षमता के साथ होगा और पार्क में प्रवेश करने से पहले थर्मल स्क्रीनिंग होगी। वाहनों के टायरों को भी संक्रमण मुक्त किया जाएगा।
इसके साथ ही हर वाहन में सैनिटाइजर होगा और ड्राइवर, गाइड सहित पर्यटकों को फेस मास्क, फेस शील्ड, दस्ताने आदि का इस्तेमाल करना होगा। कोविड-19 के संक्रमण के कारण करीब तीन माह पहले यह पार्क पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। वाल्ड लाइफ वार्डन राजीव भरतरी ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक वन्यजीव प्रतिपालक की ओर से पार्क प्रशासन से कहा गया है कि वह एनटीसी की गाइडलाइन और फिलहाल पार्क के तीन गेट खोले। ढिकाला और बिजरानी जोन मानसून की वजह से 15 जून से बंद होते हैं, लिहाजा इन गेटों को नहीं खोला जाएगा।
राजाजी पार्क प्रदेश का दूसरा टाइगर रिजर्व है। अभी इसे पर्यटकों के लिए खोलने का फैसला नहीं किया गया है। बताया जा रहा कि राजाजी को मानसून को देखते हुए 15 जून को बंद किया जाना है। लिहाजा इस पार्क को न खोलने का फैसला किया गया है। प्रमुख वन संरक्षक जयराज के मुताबिक राजाजी को लेकर अभी विचार किया जा रहा है। दूसरी ओर, कोविड को देखते हुए इस बार पर्यटकों को टाइगर रिजर्व में रात्रि विश्राम की अनुमति भी नहीं मिलेगी। यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि कोविड लोड वाले शहरों से पार्क प्रशासन बुकिंग नहीं लेगा।
प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में शुरू हुई ऑनलाइन पूजा
अनलॉक-वन में प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में वीडियो कॉलिंग के माध्यम से ऑनलाइन पूजा-पाठ शुरू हो गया है। शनिवार को मंदिर में पहली बार ऑनलाइन पूजा-अर्चना की गई। लॉकडाउन शुरू होने के बाद पहली बार मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। मंदिर में अब श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं।
लॉकडाउन शुरू होने के साथ ही प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में भी पूजा-पाठ समेत धार्मिक कार्यक्रम बंद थे। अनलॉक वन में केंद्र की गाइडलाइन के बाद भी संक्रमण को देखते हुए मंदिर समिति ने अभी धाम को श्रद्धालुओं के लिए न खोलने का निर्णय लिया था। जिसके तहत समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शीघ्र ही ऑनलाइन पूजा-पाठ के लिए पंजीकरण की व्यवस्था कराने के बात कही थी। शनिवार को मंदिर में पहली बार ऑनलाइन पूजा हुई।
पंडित ललित भट्ट ने अपने यजमान का मंदिर में प्रथम पूजन किया। जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति अध्यक्ष भगवान भट्ट ने बताया कि मंदिर समिति ने संक्रमण को देखते हुए धाम में होने वाली सभी पूजाओं को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है। डीएम और मंदिर समिति के अध्यक्ष नितिन भदौरिया ने इसके लिए अनुमति प्रदान की थी।
इसके तहत समिति की अधिकारिक वेबसाइट https://jageshwar-jyotirlinga.uk.gov.in/ पर या फिर मोबाइल नंबर 9760677235 पर कॉल कर श्रद्धालु पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण और भुगतान प्राप्त होने के बाद दिए गए समय के अनुसार मंदिर में पुजारी विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान करेंगे।