UKSSSC Paper Leak Case: सीबीआई जांच के फैसले से भाजपा खुश, त्रिवेंद्र गदगद, मिठाई बांटकर मनाया जश्न
सीएम धामी ने जैसे ही युवाओं के बीच पहुंचकर सीबीआई जांच की घोषणा की। इसके बाद त्रिवेंद्र के घर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया।
विस्तार
स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में छात्रों के बीच पहुंचकर सीएम धामी की सीबीआई जांच की घोषणा से पूरी भारतीय जनता पार्टी खुश है। लेकिन सबसे ज्यादा खुश हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत हैं। उनकी खुशी पिछले 24 घंटे में सोशल मीडिया पर छलक रही है। अहम बात ये भी है कि प्रदेश में पांच लोकसभा सांसद होने के बावजूद त्रिवेंद्र के आवास पर ही मिठाइयां, ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी का जश्न नजर आ रहा है। रातोंरात शहर के मुख्य चौराहों पर उनको धन्यवाद ज्ञापित करते होर्डिंग्स लग चुके हैं।
सोमवार को सीएम धामी ने जैसे ही युवाओं के बीच पहुंचकर सीबीआई जांच की घोषणा की। इसके बाद त्रिवेंद्र के घर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। आतिशबाजी और जयकारों के बीच उनका फूल मालाओं से स्वागत हुआ, ढोल की थाप पर जमकर नृत्य हुआ। कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। दूसरे दिन भी उनके आवास पर युवाओं के मिलने, मिठाई बांटने का सिलसिला जारी रहा तो दूसरी ओर इन सबकी तस्वीरें सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुईं। लोगों ने इस खुशी पर सवाल भी उठाए।
UKSSSC Paper Leak Case: हरिद्वार पहुंचे पूर्व जस्टिस यूसी ध्यानी, किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
श्रेय लेने की मची होड़
पेपर लीक प्रकरण पर आंदोलन के बीच सीबीआई जांच की घोषणा पर श्रेय लेने वाले नेताओं में होड़ मची है। मंगलवार को दिनभर सोशल मीडिया में ऐसी पोस्ट और शहरों में लगे पोस्टर जमकर वायरल हुए। नेताओं के शुभचिंतकों ने शहर में उनके पोस्टर भी लगा दिए, जिनकी तस्वीरें मंगलवार को खूब वायरल हुईं। ये अलग बात है कि इन पोस्ट पर आने वाले कमेंट सीबीआई जांच के निर्णय की हकीकत बयां कर रहे थे।