सीएयू ने रजिस्टर्ड खिलाड़ियों को गैर-पंजीकृत टूर्नामेंट में खेलने पर लगाई रोक, लगेगा दो साल का बैन
- सीएयू ने पंजीकृत खिलाड़ियों के गैर-पंजीकृत टूर्नामेंट में खेलने पर लगाई रोक
- बीसीसीआई की गाइडलाइन को जिलों में सख्ती से लागू करने के दिए निर्देश
विस्तार
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने गैर-पंजीकृत क्रिकेट टूर्नामेंट में पंजीकृत खिलाड़ियों के खेलने पर कड़ा रुख अपनाया है। सीएयू ने पंजीकृत खिलाड़ियों के ऐसे टूर्नामेंटों में खेलने पर रोक लगा दी है।
साथ ही चेताया कि अगर सीएयू में रजिस्टर्ड खिलाड़ी गैर-पंजीकृत टूर्नामेंट में खेलता मिला तो उस पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा। सीएयू के सचिव महिम वर्मा की ओर से इस संबंध में डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशनों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा कि बीसीसीआई की ओर से गैर-पंजीकृत टूर्नामेंटों के आयोजनों को अवैध माना गया है, क्योंकि ऐसे टूर्नामेंटों में फर्जीवाड़े की आशंका बनी रहती है।
लीग के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुक्रवार से
महिम ने एसोसिएशन को पंजीकृत खिलाड़ियों को इस संबंध में सूचित करने व संभावित कार्रवाई से भी अवगत कराने को कहा है। वहीं, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन देहरादून के सचिव विजय प्रताप मल्ल ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट लीग के लिए खिलाड़ियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 13 मार्च से दोबारा खोले जा रहे हैं।
इच्छुक खिलाड़ी जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें। रजिस्ट्रेशन एसोसिएशन के दशमेश विहार (रायपुर रोड नियर डील) स्थित कार्यालय में होंगे। रजिस्ट्रेशन की अवधि 13 मार्च से 22 मार्च तक रहेगी।