हीरो बने रोडवेज के दो चालक, बचाई 84 यात्रियों की जान
- मसूरी में चालक ने ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी में टक्कर मार रोकी बस
- चंपावत में ठीक इसी तरह चालक ने रोकी बस, दोनों हादसों में 20 यात्री घायल
- दोनों ही हादसों में चालक ने धैर्य से नहीं लिया होता काम तो होता बड़ा हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड रोडवेज के दो चालकों ने अपनी सूझबूझ से करीब 84 यात्रियों की जान बचा ली। देहरादून से हनोल जा रही रोडवेज बस के चालक ने ब्रेक फेल होने पर जहां बस को पहाड़ी से टकराकर 47 यात्रियों की जान बचाई।
वहीं कुमाऊं मंडल में बनलेख के पास धारचूला से टनकपुर जा रही बस के चालक ने खाई में गिरने से बचाने के लिए बस को दो बार पहाड़ी से टकराकर 37 यात्रियों की जान बचा ली। इस हादसे से एक बात साबित हो गई है कि परिवहन निगम के अधिकारी सुरक्षित सफर के प्रति कितने लापरवाह हैं। जानकारों की माने तो कई बार चालक पहाड़ी क्षेत्रों में संचालित हो रही खटारा बसों को लेकर सवाल उठा चुके हैं पर अधिकारी ध्यान ही नहीं देते हैं।
शनिवार सुबह 10:45 बजे के करीब संतुला देवी मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले और मसूरी से सात किलोमीटर दूर सी बैंड के पास रोडवेज संख्या यूके 07 पीए 1208 के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने से बस की स्पीड तेज हो गई। ऐसे में चालक दिनेश रावत ने धैर्य से काम लेते हुए यात्रियों को एहतियात बरतने को कहा और बस को पहाड़ी से टकरा दिया।
पहाड़ी से न टकराती तो हो जाता बड़ा हादसा
अगर बस पहाड़ी से टकराई नहीं होती तो करीब 50 फीट आगे एक तीखे मोड़ पर बस गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। बस में सवार लोगों ने बताया कि बस खचाखच भरी थी। सीटें फुल होने के बाद करीब 18 से अधिक लोग खड़े थे। बस पलटने की सूचना मिलते ही 108 और मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों से घायलों को सेंटमैरी अस्पताल लाया गया। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल थी। अधिकांश को मामूली चोटें थी। चंडीगढ़ से कैंपटी घूमने जा रहे मोहित सैनी पुत्र बलवीर के बाया हाथ फ्रेक्चर हो गया। एक्स-रे करने के बाद घायलों का चेकअप कर रहे डॉक्टर डॉ. संदीप टंडन ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। चालक दिनेश रावत और परिचालक सुरेश राणा को भी मामूली चोटें आई हैं।
उधर बनलेख के पास धारचूला से टनकपुर को जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस (यूके 07-1450) के हादसे में चालक उमेद सिंह समेत आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एसडीएम सदर भगत सिंह फोनिया ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। बस में टनकपुर और धारचूला के यात्री बैठे थे।