रुड़की में आंधी का कहर, पेड़ गिरने से तीन की मौत
- हाईवे समेत जगह-जगह मार्ग बाधित, पांच घायल
- हरिद्वार और सहारनपुर हाईवे पर वाहनों पर गिरे पेड़
- देर रात तक जाम से जूझते रहे सैकड़ों वाहन सवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर से देहात तक शनिवार शाम आंधी ने जमकर कहर बरपाया। हाईवे और संपर्क मार्गों पर अलग-अलग जगह वाहनों पर पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा हरिद्वार दिल्ली और रुड़की सहारनपुर हाईवे पर पेड़ गिरने से सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।
यातायात सुचारु करने में रात को ही मौके पर जेसीबी से पेड़ हटवाने का काम शुरू किया गया। आंधी से शहर से देहात तक की बिजली भी गुल हो गई।
रुड़की व देहात में शनिवार देर शाम अचानक काली घटनाओं के साथ तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। आंधी से जगह-जगह पेड़ वाहनों पर गिरे। भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग पर दो कारों पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। 108 की ओर से यह सूचना फ्लैश होने के बाद मौके पर पहुंचने के लिए पुलिस कर्मी जद्दोजहद करते रहे।
इस संबंध में बार-बार एसएसपी की ओर से थाने और चौकी से संपर्क किया जाता रहा, लेकिन जाम के कारण सही स्थिति का पता नहीं लग पाया।
बाइक सवार के ऊपर गिरा पेड़, मौत
दूसरी ओर भगवानपुर माच्छरहेड़ी मार्ग पर पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त अनुराग सैनी पुत्र यशपाल सैनी निवासी कोटा माच्छररेड़ी के रूप में हुई है।
इसके अलावा रुड़की लक्सर मार्ग पर ढंडेरा में और रुड़की-भगवानपुर हाईवे पर सालियर और पुहाना के बीच पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। ढंडेरा में बाइक सवार दो युवक और सालियर पुहाना के बीच दो कारों पर पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हो गए। नारसन में पुहाना मार्ग पर भी पांच पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा।
पुलिस देर रात तक जेसीबी की मदद से पेड़ हटवाकर यातायात सुचारु कराने में जुटी रही। हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर जाम लगने के कारण नहर पटरी मार्ग पर भी वाहनों की लाइन लगी रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी एसके सिंह का कहना है कि आंधी के कारण पेड़ गिरने से कई जगह यातायात बाधित हुआ है। रात करीब सवा दस बजे दिल्ली रोड का ट्रैफिक सुचारु करा दिया गया है।