दर्दनाक हादसे में बाप-बेटे समेत तीन की मौत
- एक घायल छात्र को हालत गंभीर होने पर किया रेफर
- हरिद्वार-रुड़की राजमार्ग पर कलियर मोड़ के पास हुआ हादसा
- बहादराबाद निवासी बेटे को दवा दिलाने बाइक से रुड़की आ रहा था पिता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार-दिल्ली राजमार्ग पर कलियर मोड़ के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाप-बेटे व एक छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घायल दूसरे छात्र की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पुलिस को घटनास्थल से एक कार, बाइक समेत तीन शव और एक घायल छात्र मिला है। बाप-बेटे बाइक और दोनों छात्र पैदल बताए जा रहे हैं। दिल्ली नंबर की कारसवार लोगों का कहीं पता नहीं चल पाया है। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से माना जा रहा है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
दिल्ली नंबर की एक कार सोमवार सुबह करीब 11 बजे हरिद्वार से लौट रही थी। कलियर मोड़ के पास कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। उसके बाद कार पलटकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। जबकि बाइकसवार मेहरबान (30, निवासी ग्राम घोड़ेवाला, भारापुर, बहादरबाद), उसका सात वर्षीय बेटा शहजाद और मेडिकल कॉलेज का छात्र शाहनजर (23, पुत्र युसुफ निवासी ग्राम नावला मुजफ्फरनगर) की मौके पर मौत हो गई।
गड्ढे में मिली कार, अंदर नहीं था कोई
बताया जा रहा है बाइकसवार मेहरबान अपने सात वर्षीय बेटे को दवाई दिलाने रुड़की आ रहा था। इनके अलावा मुजफ्फरनगर के नावला गांव का दूसरा छात्र शाहरुख घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने चारों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया।
वहां डाक्टरों ने तीन को मृत घोषित किया जबकि छात्र शाहरुख को हायर सेंटर रेफर कर दिया। गड्ढे में गिरी क्षतिग्रस्त कार पुलिस को खाली मिली। माना जा रहा है कि कार सवार घायलों को पीछे से दूसरी गाड़ी में चल रहे परिचित या रिश्तेदार अपने साथ ले गए होंगे।
पुलिस ने मृतकों व घायल की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि कार नंबर के आधार पर उसमें सवार लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।