उत्तराखंड: मिड डे मील में गड़बड़ी पर तीन मदरसे निलंबित, FIR दर्ज कराने की तैयारी
उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड ने मिड डे मील (एमडीएम) का दुरुपयोग किए जाने के मामले में तीन मदरसों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही इन मदरसों के खिलाफ एफआईआर किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बोर्ड इन मदरसों की जांच के लिए स्पेशल कमेटी गठित कर रहा है। इस कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद मदरसों की मान्यता रद्द कर जाएगी। मदरसों में मिड डे मील मामले की जांच शिक्षा विभाग ने कराई थी। इस पर मदरसा बोर्ड ने कार्रवाई की है।
शिक्षा विभाग के विद्यालयों और मदरसों में मिड डे मील की स्थिति जानने के लिए टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने विद्यालयों और मदरसों में जाकर मिड डे मील लेने वाले छात्र-छात्राओं के आंकड़े देखने के साथ वहां भोजन की स्थिति देखी। जांच टीमों ने ऊधम सिंह नगर के तीन मदरसों में मिड डे मील की स्थिति गड़बड़ पाई।
इन मदरसों ने एमडीएम लेने वाले छात्रों के गलत आंकड़े देने के साथ ही योजना का दुरुपयोग किया। टीम ने अपनी रिपोर्ट महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण कैप्टन आलोक शेखर तिवारी को भेजी। निदेशक के निर्देश के बाद बोर्ड ने तीनों मदरसों को निलंबित कर दिया।
इन तीनों मदरसों के खिलाफ मिड डे मील योजना के दुरुपयोग पर एफआईआर कराए जाने की तैयारी की जा रही है। स्पेशल कमेटी इनकी जांच करेगी। इसके साथ ही मदरसों के प्रबंधन से जवाब तलब किया गया है।
बोर्ड के उप निदेशक अखलाक अहमद ने बताया कि अभी शिक्षा विभाग ने जांच की है। इस पर कार्रवाई की गई। अब बोर्ड द्वारा गठित कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद मदरसों की मान्यता के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।