पहाड़ से प्रभु करेंगे मैदान की परियोजनाओं का शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ की जनभावनाओं के केंद्र गैरसैंण में बृहस्पतिवार को रेल मंत्री सुरेश प्रभु कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, लेकिन इन परियोजनाओं में एक भी पहाड़ (गढ़वाल) के लिए नहीं है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या राजनीतिक दल अपनी सियासत चमकाने के लिए गैरसैंण का प्लेटफार्म के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं? कांग्रेस जहां गैरसैंण राजधानी के मुद्दे पर सत्र आयोजन से आगे नहीं बढ़ पाई, वहीं सत्र से पहले दिन गायब हुई भाजपा अब दोबारा गैरसैंण पहुंच कर अपना पहाड़ी प्रेम दर्शाने की सियासी कोशिश में है।
रेल मंत्री को गैरसैंण में हेलीकॉप्टर से उतार कर भाजपा कुमाऊं-गढ़वाल के मैदानी इलाकों की रेल परियोजनाओं के शिलान्यास करवाएगी। उधर, राजधानी को लेकर बैकफुट पर आई कांग्रेस अब रेल मंत्री के गैरसैंण दौरे पर सवाल खड़े कर रही है।
भाजपा और कांग्रेस गैरसैंण को सियासी रंग देकर उसे चुनावी मुद्दा बनाने तक सीमित हैं। राजधानी पर दोनों ही बचते दिख रहे हैं। विधान भवन, विधायक हॉस्टल बनाने के बाद भी कांग्रेस गैरसैंण को स्थायी या अस्थायी राजधानी बनाने से बच रही है, जबकि भाजपा राजधानी की बात करने की जगह निर्माण कार्यों में घपले घोटालों की राग छेड़कर मुद्दे को भटकाती नजर आ रही है।
चुनाव में गैरसैंण पर खूब चर्चा कराने की होड़
दोनों दलों में इस बात की होड़ है कि चुनाव में गैरसैंण पर चर्चा तो खूब हो, लेकिन उससे जुड़े राजधानी के मुद्दे से बचा जाए।
विधानसभा सत्र का गैरसैंण में आयोजित कर कांग्रेस को मिलती बढ़त के जवाब में भाजपा अब केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु को लेकर वहां पहुंच रही है। भाजपा वहां से कई रेल परियोजनाओं की घोषणा कर वाहवाही लेते हुए कांग्रेस को राजधानी के मुद्दे पर घेरेगी।
ये योजनाएं होंगी लांच
- हरिद्वार लक्सर रेल लाइन सेक्शन की डबलिंग
- हरिद्वार और लक्सर के बीच 8 सब वे (एलएचएस) निर्माण
- देहरादून रेलवे स्टेशन पर 2 लिफ्टस एवं 2 एलिवेटर्स
- हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर 4 लिफ्टस एवं 6 एलिवेटर्स
- लालकुंआ में मशीन लाउंड्री एवं सेकेंड कोच मेन्टेनेंस पिट
- काठगोदाम स्टेशन पर यात्रियों के विश्राम के लिये 5 बेस पीपी शेल्टर्स
- काठगोदाम स्टेशन तीनों प्लेटफार्म पर कोच इंडिकेशन बोर्ड
- काशीपुर रेलवे स्टेशन में प्राइवेट भाड़ा टर्मिनल
- हेमपुर इस्माइल पर नया तीन लाइन स्टेशन
- हल्द्वानी स्टेशन पर विश्राम के लिए पीपी शेल्टर
- रूद्रपुर सिटी स्टेशन पर यात्री वेटिंग रूम
- लालकुआं स्टेशन पर 1 पीपी शेल्टर एवं कोच इंडिकेटर बोर्ड