जानिए, देहरादून में यहां बनेगा स्टेट वार मेमोरियल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेना के बाद अब उत्तराखंड सरकार ने भी स्टेट वार मेमोरियल के लिए जमीन तय कर दी है। देहरादून में पुरानी जेल के पास चिकित्सा शिक्षा विभाग की खाली पड़ी ढाई एकड़ जमीन पर स्टेट वार मेमोरियल का निर्माण होगा। सैनिक कल्याण मंत्री हरक सिंह रावत के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने भी अपनी सहमति दे दी है।
स्टेट वार मेमोरियल के निर्माण के लिए राज्य और केंद्र सरकार में होड़ मची हुई है। भाजपा ने पहले पहल की और सेना ने वार मेमोरियल के लिए देहरादून स्थित चीड़बाग में भूमि दे दी।
22 अगस्त को वार मेमोरियल का शिलान्यास रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के हाथों होना था। लेकिन रक्षा मंत्री का दौरा टल गया ऐसे में शिलान्यास कार्यक्रम भी टल गया।
रक्षा मंत्री का दौरा टलते ही सैनिक कल्याण मंत्री भूमि चयन के लिए जुट गए। सैनिक कल्याण मंत्री की दिन भर की मशक्कत के बाद सहमति बनी कि पुरानी जेल के पास चिकित्सा शिक्षा विभाग की खाली पड़ी ढाई एकड़ जमीन पर स्टेट वार मेमोरियल का निर्माण होगा।
भूमि हस्तांतरण में इस बार नहीं होगी दिक्कत
दरअसल, यहां स्मारक बनाने की घोषणा सैनिक कल्याण मंत्री ने 2013 में भी की थी, लेकिन तब इस जमीन को न्याय विभाग को दिए जाने से मामला लटक गया था। यहीं पर जो जमीन चिकित्सा शिक्षा विभाग को दी गई थी, उसमें से ढाई एकड़ जमीन सरप्लस है।
इसलिए गुरुवार को इस मुद्दे पर सैनिक कल्याण मंत्री ने मुख्यमंत्री के अलावा जिलाधिकारी देहरादून व विभागीय अफसरों से भी चर्चा की। शाम होते-होते इस ढाई एकड़ जमीन पर शहीद स्मारक बनाने को लेकर सहमति बन गई है।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि इस जमीन पर स्मारक बनाने को लेकर सभी सहमत हैं, सैनिक कल्याण व चिकित्सा शिक्षा दोनों ही विभाग मेरे पास हैं, इसलिए भूमि हस्तांतरण में कोई दिक्कत नहीं होगी। जल्द ही शिलान्यास की तिथि मुकर्रर की जाएगी। गौरतलब है कि वार मेमोरियल के शिलान्यास के लिए रक्षा मंत्री का आना तय होने के बाद सीएम खुद शहर में जमीन ढूंढने निकल पड़े थे।