उत्तराखंड के बर्फीले इलाकों में भी अब चमकेगी रोशनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के सुदूरवर्ती बर्फीले क्षेत्रों के गांव बहुत जल्द बिजली से रोशन होंगे। इन गांवों में सौर ऊर्जा प्रणाली (सोलर एनर्जी सिस्टम) से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए ऊर्जा निगम सर्वे कर रहा है, जोकि अंतिम चरण में है। इस योजना से उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों के अधिकतर गांवों को लाभ होगा।
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में तमाम गांव ऐसे हैं, जो छह माह तक बर्फ से आच्छादित रहते हैं। इस दौरान कई गांवों के लोगों को रहने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है। महीनों बर्फ पड़ी होने की वजह से इन गांवों तक बिजली की लंबी लाइनें नहीं बिछ पाई हैं।
अब केंद्र सरकार के सहयोग से दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत इन गांवों में बिजली पहुंचाने का काम किया जा रहा है। विशेषज्ञों ने इन क्षेत्रों में सोलर एनर्जी सिस्टम को मुफीद माना गया है।
दायरे में आ रहे हैं 150 से अधिक गांव
सर्वे के अंतिम चरण में होने के साथ ही ऊर्जा निगम इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है। लगभग 150 छोटे-बड़े गांवों को इस योजना से जोड़ने की तैयारी है। सोलर एनर्जी सिस्टम के तहत आठ से दस गांवों को जोड़कर उनका एक सोलर प्लांट बनाया जाएगा। इसके बाद सोलर प्लांट से विद्युत केबल खींचकर गांवों और घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी।
इनका है कहना
महीनों बर्फ से आच्छादित रहने वाले कई गांवों में बिजली नहीं पहुंच पाई है। ऐसे गांवों में सोलर एनर्जी सिस्टम से बिजली पहुंचाई जानी है। इसका सर्वे पूरा होने वाला है। इन गांवों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत जगमग किया जाएगा।
-मधुसूदन इस्सर, प्रवक्ता ऊर्जा निगम