रुड़कीः स्क्रैप गोदाम में हुई डकैती का खुलासा, छह सगे भाइयों ने दिया था अपराध को अंजाम
- पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और मोबाइल किए बरामद
- एक रिश्तेदार अभी चल रहा है फरार, पुलिस आरोपी में तलाश को दे रही दबिश
- 14 सितंबर को बदमाशों ने बंधक बनाकर डकैती की वारदात को दिया था अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्क्रैप गोदाम में छह सगे भाइयों ने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पांच भाइयों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे का दावा किया है जबकि एक भाई अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान भी बरामद किया है। साथ ही गिरोह का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
शनिवार को धनौरी पुलिस चौकी में सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने 14 सितंबर को भगवानपुर-हरिद्वार मार्ग स्थित स्क्रैप गोदाम में डकैती की वारदात का खुलासा किया। सीओ ने बताया कि ज्वालापुर निवासी अय्यूब अली के गोदाम पर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति और नौकर को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर गोदाम से तांबा, मोबाइल समेत महिला के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोदाम में वारदात को अंजाम देने वाले नीलकंठ ढाबा, दरियापुर गांव के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में उन्होंने गोदाम में वारदात की बात स्वीकारी। सीओ ने बताया कि बदमाशों के पास कट्टे में भरे कॉपर, एल्यूमीनियम वायर, प्लेटों के टुकड़े, तीन मोबाइल और एक जोड़ी पाजेब भी बरामद किया गया है।
आरोपियों की पहचान रहमान, फरमान उर्फ पप्पू, राशिद उर्फ राजू, शादाब उर्फ गुल्लू और जिशान पुत्र सईद निवासी ग्राम अकबरपुर कालसो, थाना भगवानपुर, शोएब पुत्र यूनुस निवासी मोहल्ला जोगियान, थाना भवन जिला शामली के रूप में हुई। वहीं, अहसान पुत्र सईद अकबरपुर कालसो, थाना भगवानपुर अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है। रहमान, फरमान उर्फ पप्पू, राशिद उर्फ राजू, शादाब उर्फ गुल्लू, जिशान, अहसान सगे भाई हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
थानाध्यक्ष संतोष सिंह कुंवर, एसआई अजय शाह, एसआई गिरीश चंद्र, एसआई नीरज मेहरा, अहमद अली सैफी, अरविंद तोमर, अकबर अली, दिनेश, रघुवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरीश चंद्र शामिल रहे।
लूटे गए छह महंगे मोबाइल भी बरामद
सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर दिमाग हैं। इनके पास से लूटे गए छह महंगे मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक मोबाइल कलियर और एक बहादराबाद से लूटा गया था। सभी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
चोरी में किया डकैती का खुलासा
घटना के बाद पुलिस ने डकैती की वारदात को चोरी में दर्ज कर लिया था। उस दौरान एसएसपी ने मामले की जांच की बात कही थी, लेकिन एक बार फिर पुलिस ने डकैती का खुलासा चोरी में कर दिया। ऐसे में पुलिस के खुलासे में कई झोल नजर आ रहे हैं। हालांकि, सीओ चंदन सिंह बिष्ट का कहना है कि सेंध लगाकर चोरी की गई थी। इसलिए चोरी में केस दर्ज किया गया था।