ट्रेनिंग पर गए एयरफोर्स के छह जवान हुए हादसे का शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड-हिमाचल की सीमा पर कुल्हाल में बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने ट्रेनिंग पर आए एयरफोर्स के छह जवानों को रौंद दिया। हादसे में सभी जवान घायल हो गए। जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद पांवटा से देहरादून स्थित सेना के अस्पताल रेफर कर दिया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद आरोपी स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने वायुसेना के अधिकारी सूर्यप्रकाश की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
जंगल में ट्रेनिंग के लिए आए थे जवान
एयरफोर्स स्टेशन चांदीनगर, बागपत (उत्तर प्रदेश) के जवान यहां शिमला बाईपास स्थित तिमली रेंज के जंगल में ट्रेनिंग के लिए आए हुए थे।
बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे ट्रैकिंग कर वे मुख्य मार्ग पर कुल्हाल पुल के पास पहुंचे ही थे कि मटक माजरी डिस्पेंसरी के समीप धर्मावाला की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े छह जवानों को रौंद दिया।
वाहन में चपेट में आकर ये सभी लहूलुहान हो गए। यह देखकर उनके साथ मौजूद वायुसेना के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
सेना अस्पताल देहरादून किया रेफर
आनन-फानन में घायल जवान नरेश कुमार, डी शेखावत, वीके नाथ, बीएम भंडारी, डी राय और गुरजीत सिंह को सरकारी वाहन से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सेना अस्पताल देहरादून रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने ही एसपी देहात श्वेता चौबे ने घटनास्थल का दौरा किया।
कोतवाल संदीप नेगी ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।