विश्व योग दिवस: एफआरआई में तैयारियां पूरी, पूर्वाभ्यास में शामिल हुए सात हजार लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होेने वाले कार्यक्रम के लिए वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पूरी तरह तैयार है। इसी कड़ी में मंगलवार को करीब सात हजार लोग योग रिहर्सल में शामिल हुए। उन्होंने 45 मिनट तक रिहर्सल किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने भी तैयारियों का जायजा लिया।
मंगलवार सुबह सात बजे एफआरआई में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रिहर्सल की गई। यह 45 मिनट तक चली। इस दौरान योग साधकों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। सैकड़ों योग साधकों ने लोगों को ग्रीवाचालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, वक्रासन आदि का अभ्यास कराया। योग करने वालों में एफआरआई, सेना के साथ ही अलग-अलग संस्थाओं के लोग शामिल रहे।
रिहर्सल के बाद जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन और एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर आयुक्त गढ़वाल दिलीप जावलकर, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल, एडीएम प्रशासन अरविंद पांडेय, एसडीएम सदर प्रत्यूष सिंह, एसपी सिटी प्रदीप राय, एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रात 12 बजे से शुरू होगी एंट्री
अगर आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग करना चाहते हैं तो आपको सुबह चार बजे के पहले एफआरआई पहुंचना होगा। क्योंकि सुबह चार बजे के बाद एंट्री नहीं मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक रात 12 बजे से लोगों को एफआरआई परिसर में इंट्री देना शुरू कर दिया जाएगा।
मौके पर दी जाएगी टी-शर्ट और चटाई
शिक्षक अंदर जाएंगे या नहीं, स्थिति साफ नहीं
योग करने के लिए छह हजार बच्चों के साथ पहुंचने वाले शिक्षक उनके साथ अंदर जाएंगे या नहीं, यह अभी तक तय नहीं हो पाया है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन परेशान हैं। एक ओर शिक्षा विभाग का दबाव है तो दूसरी ओर शिक्षकों की इंट्री की तस्वीर साफ नहीं है। ऐसे में बच्चों को भेजा जाए या नहीं, यह तय नहीं हो पा रहा है।
मौके पर दी जाएगी टी-शर्ट और चटाई
योग कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को प्रवेश के साथ ही टी-शर्ट और चटाई दी जाएगी। बता दें कि योग दिवस पर करीब 60 हजार लोग यहां पहुंचेंगे। साथ ही प्रशासन ने पानी की 50 हजार बोतलों की व्यवस्था की है। इसके अलावा पानी के 40 टैंकरों का भी इंतजाम किया गया है।
लगेंगे मोबाइल टॉयलेट
कार्यक्रम स्थल के आसपास मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे। इनमें 450 सीट के दो दर्जन से अधिक मोबाइल टॉयलेट नगर निगम देगा। इन्हें प्रदेश के अन्य नगर निगमों और नगर पालिकाओं से मंगवाया गया है। इसके अलावा आयोजक समिति ने 200 सीट के एक दर्जन से अधिक मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की है।
कूड़ा एकत्र करने को चार वाहन
कार्यक्रम स्थल से कूड़ा एकत्र करने के लिए नगर निगम के चार वाहन मौजूद रहेंगे। एक वाहन की क्षमता एक टन कूड़ा एकत्र करने की है। वहीं, 14 से 16 मीट्रिक टन कूड़ा उठाने की क्षमता रखने का कॉम्पेक्टर भी रहेगा। इसके जरिए कूड़ा ट्रांसफर सेंटर पहुंचाया जाएगा।
‘जटायु’ का भी होगा परीक्षण
नगर निगम की ओर से करीब नौ लाख की लागत से जटायु मशीन ट्रॉयल के लिए मंगवाई गई है। जो एक बार में 40-50 किलो कूड़ा उठाने में सक्षम है। इसमें दो कर्मचारियों की आवश्यकता पड़ेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि यह मशीन पुणे से मंगवाई गई है। उत्तरकाशी और रुड़की में इसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। यहां भी अच्छा परिणाम रहने पर इसे खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि जटायु के जरिये शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने में काफी मदद मिलेगी।