साईं भक्तों को नहीं मिली सामूहिक स्नान की अनुमति
साईं बाबा के भक्तों की ओर से 29 जून को हरकी पैड़ी पर प्रस्तावित सामूहिक साईं गंगा स्नान के लिए अभी जिला प्रशासन की अनुमति नहीं मिल पाई है।
शुक्रवार देरशाम साईं भक्तों ने डीएम से मिलकर स्नान की अनुमति मांगी। साईं भक्तों का कहना है कि शनिवार को बैठक में स्नान पर निर्णय लिया जाएगा।
शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे सामूहिक साईं स्नान के आयोजक मनीष लखानी, प्रवीण कपिल, कमल छाबड़ा और पीयूष ने कैंप कार्यालय पर डीएम डी सेंथिल पांडियन से मुलाकात की।
सामूहिक स्नान के लिए अनुमति मांगी
उन्होंने डीएम से सामूहिक स्नान के लिए अनुमति मांगी। मनीष लखानी ने बताया कि फिलहाल अनुमति नहीं मिल पाई है।
मनीष लखानी ने बताया कि हमने डीएम को फिलहाल कार्यक्रम करने अथवा स्थगित करने को लेकर कोई आश्वासन नहीं दिया।
पूरे कार्यक्रम का देशभर में प्रचार हो चुका है। ऐसे में चार आदमी कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय नहीं ले सकते। शनिवार को साईं भक्तों के साथ बैठक कर कार्यक्रम पर विचार किया जाएगा।
श्रीमहंत हरिगिरी ने की शंकराचार्य से मुलाकात
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी ने कनखल स्थित शंकराचार्य मठ पहुंचकर शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज से मुलाकात की।
बताया जा रहा है कि दोनों प्रमुख संतों के बीच साईं बाबा मुद्दे को लेकर भी बातचीत हुई। श्रीमहंत हरिगिरी ने अखाड़ा परिषद की ओर से शंकराचार्य के बयान का समर्थन किया।