रुड़की: धर्म परिवर्तन की अफवाह पर हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, पुलिस ने पहुंचकर मामला कराया शांत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की के इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित परिवार का कथित धर्मांतरण कराए जाने के अफवाह पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा करने वालों को शांत कराया और मामले की छानबीन की। इस दौरान पता चला कि एक ईसाई परिवार के यहां बर्थडे पार्टी थी। उसी में शामिल होने कुछ और लोग आए थे। पुलिस ने धर्म परिवर्तन जैसी घटना से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र निवासी एक परिवार के घर ईसाई धर्म के कुछ लोग पहुंचे। यहां प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना हिंदू क्रांति दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दे दी। कुछ ही देर में हिंदूवादी संगठनों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और कथित तौर पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता उक्त लोगों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग हिंदू धर्म के लोगों को बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। उन्हें रुपये का लालच देकर बहकाया जाता है।
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों और मकान मालिक से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह पहले से ही ईसाई धर्म मानते हैं और उक्त लोग बेटे की बर्थडे पार्टी में आए हैं। हंगामा करने वालों में अर्जुन सैनी, देवा सैनी, अभिषेक सैनी, बसंत सैनी, मयंक सैनी, सुमित सैनी, मुकुल सैनी मौजूद रहे।
धर्म परिवर्तन कराने की अफवाह पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। एक परिवार में उनके बेटे के जन्मदिन का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें ईसाई धर्म के कुछ लोग भी मौजूद थे। परिवार पहले से ही ईसाई धर्म को मानता है। धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला नहीं था। हंगामा करने वाले हिंदूवादी संगठनों के लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया।
-भवानी शंकर पंत, चौकी प्रभारी, इमलीखेड़ा