अटल आयुष्मान योजना : मिली धांधली, लटका एक करोड़ से ज्यादा का भुगतान
अटल आयुष्मान योजना में गलत तरीके से मरीजों को रेफर करने और इलाज का पैसा डकारने के मामले में योजना से निलंबित जिले के चार अस्पतालों के बाद शेष चयनित 30 अस्पतालों का भी भुगतान लटक गया है। जांच जारी रहने तक इन अस्पतालों का भुगतान होना मुश्किल है।
ऊधम सिंह नगर जिले में अटल आयुष्मान योजना में चार लाख, 63 हजार, 259 लोगों ने गोल्डन कार्ड बनवाए हैं। इनमें चार हजार 659 लोग इलाज करा चुके हैं। जिले में चयनित 26 प्राइवेट और आठ सरकारी अस्पतालों के माध्यम से इन मरीजों हुए इलाज में तीन करोड़, 29 लाख, 33 हजार, 500 रुपये का खर्चा आया है लेकिन अभी चयनित अस्पतालों को 2500 मरीजों के इलाज के भुगतान के लिए दो करोड़, 23 लाख, 82 हजार, 250 रुपये का भुगतान हुआ है। शेष 2,159 मरीजों के इलाज के एक करोड़ पांच लाख, 51 हजार, 250 रुपये चयनित अस्पतालों को नहीं मिले हैं।
सबसे अधिक गड़बड़ी काशीपुर में
इसी बीच अटल योजना की धांधली जिले में काशीपुर के तीन और रुद्रपुर के एक अस्पताल को निलंबित करने के बाद भुगतान का इंतजार कर रहे अस्पतालों को और इंतजार करना पड़ सकता है। जांच कर रही देहरादून की टीम निलंबित अस्पतालों के भुगतान को रोकने के साथ ही रिकवरी की भी तैयारी कर रही है। ऐसे में अटल आयुष्मान योजना के लिए चयनित अन्य अस्पतालों का भी भुगतान लटक रहा है।
सूत्रों ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत धांधली में सबसे अधिक गड़बड़ी काशीपुर में चल रही है। काशीपुर के तीन और निजी अस्पताल देहरादून की टीम के रडार में हैं। अटल आयुष्मान योजना की जिला समन्वयक आकांक्षा शर्मा कहती हैं कि भुगतान का मामला शासन स्तर का है।
निलंबन के जिले में शेष चयनित निजी अस्पताल
ब्लॉक अस्पताल
काशीपुर 13
रुद्रपुर 07
खटीमा 02
सितारगंज 01
किच्छा 01
जसपुर 01
बाजपुर 01
अटल आयुष्मान योजना का निजी अस्पतालों को भुगतान ऑनलाइन हो रहा है। निलंबित अस्पतालों का भुगतान रोका गया है। शेष जिन अस्पतालों का भुगतान नहीं हो सका है, उन्हें जल्द भुगतान होने की उम्मीद है।
- डॉ. उदय शंकर, प्रभारी सीएमओ, ऊधम सिंह नगर