राशन विक्रेताओं की लंबी समय से चली आ रही राज्य खाद्य योजना पर लाभांश बढ़ाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। अब राशन विक्रेताओं को 18 रुपये प्रति क्विंटल की बजाए 50 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा। इसका बाकायदा जीओ भी जारी कर दिया गया है। जीओ जारी होने पर राशन विक्रेताओं में खुशी की लहर व्याप्त है।
दरअसल, काफी सालों से राशन विक्रेताओं को राज्य खाद्य योजना के तहत 18 रुपये प्रति क्विंटल का लाभांश मिलता था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत 143 प्रति कुंतल और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत भी 143 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलता है। राज्य खाद्य योजना के तहत राशन विक्रेता लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हालांकि लाभांश बढ़ाने को लेकर पिछली सरकारों में भी कई बार घोषणाएं हुई थी। लेकिन अभी तक लाभांश नहीं बढ़ाया गया था। अब भी कई बार इसकी घोषणा हुई थी, लेकिन लाभांश नहीं बढ़ाया गया। जिससे राशन विक्रेताओं में आक्रोश व्याप्त था। अब राज्य खाद्य योजना के तहत राशन विक्रेताओं का लाभांश 18 रुपये से बढ़ाकर 50 कर दिया गया है। जिससे राशन विक्रेताओं में खुशी की लहर है। राशन विक्रेता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि विक्रेताओं को लंबे समय से काफी कम लाभांश मिल रहा था। जिसको लेकर राशन विक्रेताओं में आक्रोश था। अब लाभांश 50 रुपये कर सरकार ने राशन विक्रेताओं को कुछ राहत दी है। इसके लिए राशन विक्रेता सरकार और खाद्य मंत्री का आभार प्रकट करते हैं।