NH-74 Scam: नौ अधिकारियों के आवास पर एसआईटी के ताबड़तोड़ छापे, दस्तावेज जब्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनएच-74 मुआवजा घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी ने बुधवार को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में नौ अधिकारियों के आवासों पर छापा मारकर जरूरी दस्तावेज कब्जे में लिए। एसआईटी दस्तावेजों की जांच पड़ताल के बाद अपनी रिपोर्ट तैयारी करेगी। इसके साथ ही एसआईटी ने मामले से जुड़े कई काश्तकारों और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। मंगलवार को टीम ने इन सभी को नोटिस भेजा था।
एनएच-74 घोटाले में जांच कर रही एसआईटी ने मंगलवार को जहां मामले से जुड़े 46 काश्तकारों को नोटिस भेजकर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था, वहीं बुधवार को मामले में संदिग्ध रहे नौ अधिकारियों के आवास और प्रतिष्ठानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापामारी कर डाली।
पूर्व कुमाऊं आयुक्त डी सेंथिल पांडियन की ओर से की गई जांच में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित किए गए पीसीएस अधिकारी और एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के सरकारी आवास पर एसआईटी ने सुबह करीब पौने दस बजे छापा मारा। सवा दो घंटे तक पूछताछ के बाद टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया।
मामले की विवेचना कर रहे सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार के अनुसार शुक्ला के सरकारी आवास पर छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं जिनकी गहनता से जांच पड़ताल करने के बाद जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी। किसी तरह की नगदी या अन्य सामान फिलहाल उनके आवास से बरामद नहीं हुआ है।
सीओ ने बताया कि एक ही समय में एसआईटी ने देहरादून में निलंबित एसडीएम डीपी सिंह, सितारगंज में रिटायर्ड पेशकार राम जगदीश राणा, सिसईखेड़ा नानकमत्ता में रिटायर्ड पेशकार शेर सिंह राणा, काशीपुर में तत्कालीन पेशकार दयासागर, काशीपुर में पूर्व पेशकार भुवन प्रकाश तिवारी, पूर्व पेशकार विजेंद्र सिंह, बाजपुर में निलंबित कानूनगो चंद्रपाल सिंह, कालाढूंगी में पेशकार संतोश कुमार के आवास पर छापामारी कर आवश्यक दस्तावेज जुटाए। यहां से मिले दस्तावेजों की भी एसआईटी की ओर से जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी
काश्तकारों और कर्मचारियों के लिए बयान
एनएच 74 घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी ने बुधवार को नौ अधिकारियों के घरों में छापेमारी करने के साथ ही मामले से जुड़े काशीपुर, बाजपुर, जसपुर और सितारगंज के काश्तकारों और एसडीएम स्टाफ के बयान भी दर्ज किए। मंगलवार को इन सभी को बयान दर्ज करने को बुलाने के लिए एसआईटी टीम ने धारा 160 के तहत नोटिस भेजा था।
एसएसपी कार्यालय के बंद सभागार में काश्तकारों से सुबह करीब 11 बजे से शुरू हुई पूछताछ देर रात तक चली। इस बारे में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने प्रथम चरण में काशीपुर, जसपुर और सितारगंज तहसील में वाद से संबंधित कृषक, एसएलओ और एसडीएम स्टाफ को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। दूसरे चरण में गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, खटीमा तहसीलों से जुड़े मामलों की जांच के लिए बयान दर्ज किए जाएंगे।
एसडीएम के पेशकार रहे संतोष बुढलाकोटी के आवास पर छापा
एसडीएम कार्यालय के तीन कर्मियों से टीम ने की पूछताछ
एनएच 74 व 125 के भूमि अधिग्रहण घोटाले के मामले में एसडीएम के कर्मचारियों को जिला मुख्यालय बुलाकर अधिकारियों ने पूछताछ की। एसडीएम कार्यालय के वर्तमान पेशकार नीरज कुमार सिरसवाल, राजस्व अहलमद मनोज शर्मा मोनू व तत्कालीन पेशकार शेर सिंह राणा बुधवार को जिला मुख्यालय तलब किए गए। जांच टीम के अधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते, अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा व अन्य अफसरों ने उनसे पूछताछ की। एनएच घोटाले की सीबीआई जांच को हरी झंडी मिलने के बाद यह मामला फिर तूल पकड़ गया है। माना जा रहा है कि जिले भर के तमाम अधिकारी व कर्मचारी इस मामले में नप सकते हैं। ब्यूरो
एसडीएम के पेशकार रहे संतोष बुढलाकोटी के आवास पर छापा
एसआईटी की टीम ने बुधवार को बाजपुर एसडीएम के पेशकार रहे संतोष बुढलाकोटी के कालाढूंगी आवास पर छापेमारी की। संतोष तो घर पर नहीं मिले मगर इस कार्रवाई से परिवार वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने दस्तावेजों सहित पासबुक और जेवर की जानकारी जुटाई। कुछ दस्तावेजों को कब्जे में भी लिया। एसओ कमाल हसन ने बताया कि टीम को घर वालों ने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण संतोष उपचार के लिए हल्द्वानी गए हैं।टीम में एसआई कुलदीप सिंह अधिकारी, पंकज जोशी, अनिता बिष्ट, गोविंद सिंह आदि शामिल रहे। संतोष बुढलाकोटी ने लगभग चार साल पहले कालाढूंगी तहसील के पीछे लगभग एक बीघा जमीन खरीद कर मकान बनाया है।