कोटद्वार: जमीन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर ने युवक पर की फायरिंग, अस्पताल में भर्ती
- कोटद्वार के शिवपुर चौराहे के पास हुई घटना, युवक के बाएं कूल्हे के पास लगी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के कोटद्वार में शिवपुर चौराहे पर जमीन के आपसी विवाद मेें एक प्रॉपर्टी डीलिंग का धंधा करने वाले शिक्षक ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। युवक के बाएं कूल्हे के पास गोली लगी है, जिसका राजकीय बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घायल युवक ने पुलिस को अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के लिए टीम रवाना कर दी है। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर पर इससे पूर्व भी भूमि विवाद में फायरिंग के मामले चल रहे हैं। हाल में ही वह जमानत पर छूटकर आया है।
मानपुर निवासी घायल युवक गौरव बेबनी (28) पुत्र नेमचंद बेबनी ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो चलाने और सीजन पर सब्जी बेचने का कार्य करता है। उसकी नानी गणेशी देवी पत्नी स्व. योगेश्वर प्रसाद मैंदोला की पदमपुर सुखरौ में 14 बीघा जमीन है, जिस पर प्रॉपर्टी डीलर धीरू मास्टर की नजर है। कुछ महीने पहले उसने अपनी नानी की आधा बीघा जमीन देवी मंदिर निवासी एक व्यक्ति को बेच दी थी। तब से धीरू मास्टर उससे नाराज चल रहा है।
पीछे से फायर झोंका
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह शिवपुर चौराहे के पास एक टेलर की दुकान के पास खड़ा था। तभी धीरू मास्टर अपनी स्कार्पियों से मौके पर पहुंचा। धीरू मास्टर को उसने नानी की जमीन से हटने को कहा, तो उसने गुस्से में पिस्टल निकाल दी। पिस्टल देखकर वह घबरा गया और घर की ओर दौड़ गया, लेकिन धीरू मास्टर ने उस पर पीछे से फायर झोंक दिया। गोली उसके बाएं कूल्हे के पास लगी। उस समय उसे दर्द महसूस नहीं हुआ और वह घर चला आया।
उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी। पिता के कहने पर वह कोतवाली पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि युवक के बाएं कूल्हे के पास छोटी पिस्टल की गोली लगी है। युवक की शिकायत पर आरोपी धीरू मास्टर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। जांच के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायल से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कोतवाल, सीओ और एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
तीन माह में फायरिंग की दूसरी घटना से सकते में आई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। बुधवार शाम को एएसपी प्रदीप रॉय, सीओ अनिल जोशी, कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप नेगी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।