21 को देहरादून में होंगे PM मोदी, IMA का रूट डायवर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
21 जनवरी को भारतीय सैन्य अकादमी में आयोजित होने जा रही संयुक्त कमांडर कांफ्रेंस के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। बिजली, पानी का पुख्ता इंतजाम रहेगा। मुख्य सचिव एस रामास्वामी ने कांफ्रेंस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आईएमए के भी अधिकारी शामिल हुए।
मंगलवार को आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि के फुलप्रूफ इंतजाम करने की हिदायत दी। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री 21 जनवरी को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आईएमए में रहेंगे।
इस दौरान पासिंग आउट परेड (पीओपी) की तरह आईएमए का रूट डायवर्ट किया जाएगा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत राज्यपाल, मुख्य सचिव और डीजीपी करेंगे। आईएमए में कमिश्नर, डीआईजी गढ़वाल, देहरादून के डीएम व एसएसपी प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और आईएमए में विशेषज्ञ डॉक्टर, जीवन रक्षक दवाएं और एंबुलेंस तैनात रहेंगे।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और जौलीग्रांट हॉस्पिटल को भी चिह्नित किया गया है। बैठक में पुलिस महानिदेशक एमए गणपति, अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, प्रमुख सचिव गृह उमाकांत पंवार, कमिश्नर गढ़वाल विनोद शर्मा, सचिव लोनिवि अरविंद सिंह हयांकी, सचिव प्रोटोकाल शैलेश बगोली, डीआईजी गढ़वाल पुष्पक ज्योति, आईजी इंटलीजेंस एपी अंशुमन, एडीजी एलओ राम सिंह मीना, आईएमए पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल दिनेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मौसम खराब हुआ तो कार से आईएमए जाएंगे पीएम मोदी
आईएमए में 21 जनवरी को होने जा रही संयुक्त कमांडर कांफ्रेंस के लिए जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्लान बी भी तैयार कर लिया है। मौसम खराब होने पर अगर हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट से आईएमए नहीं जा पाया तो उन्हें फ्लीट से आईएमए पहुंचाया जाएगा। आईएमए से वापसी के लिए भी अगल से फ्लीट रिजर्व की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईएमए में होने वाली कमांडर कांफ्रेंस में पहुंच रहे हैं। पीएम का प्लान सीधे जौलीग्रांट से आईएमए हेलीकॉप्टर से पहुंचने का हैं। इसके लिए प्रशासन के प्रोटोकाल विभाग से पल-पल के मौसम का अपडेट भी लिया जा रहा है। इसके साथ ही यदि मौसम खराब होता है तो पीएम मोदी को जौलीग्रांट से फ्लीट में आईएमए पहुंचाया जाएगा।
शाम को भी यही स्थिति रहती है तो आईएमए से जौलीग्रांट तक भी पीएम फ्लीट में जाएंगे। पीएम के लिए दो इंपोर्टेड कार दिल्ली से मंगाई गई हैं। फ्लीट में जैमर, एंबुलेंस, पुलिस एस्कॉर्ट सहित 25 गाड़िया रहेंगी। जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि मौसम में खराबी को ध्यान में रखते हुए फ्लीट का इंतजाम कर लिया गया है। बताया कि इसके लिए 50 गाड़ियों की व्यवस्था की गई है।
पीएम करेंगे शाकाहारी भोजन
पीएम नरेंद्र मोदी का लंच शुद्ध शाकाहारी होगा। कमांडर कांफ्रेंस के दौरान वह आईएमए में ही लंच करेंगे। उनके लिए कम मसाले वाले व्यंजन तैयार किए जाएंगे। मिक्स वेजिटेबल सूप से लंच की शुरुआत होगी। बिना मिर्च का खाना होगा। तवा रोटी और कम पनीर वाले व्यंजनों को तवज्जो दी जाएगी।
सुरक्षा जांचने आईएमए पहुंची एसएसपी
आईएमए में आयोजित होने जा रही संयुक्त कमांडर कांफ्रेंस की पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने आईएमए पहुंचकर सुरक्षा इंतजामात का जायजा लिया। उन्होंने आईएमए के उच्चाधिकारियों से भी बात की। कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर सहित सेना के उच्चाधिकारी शामिल होंगे।
पीएम मोदी के दून पहुंचने के मद्देनजर पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट है। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने आईएमए के आसपास रह रहे किराएदारों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में विशेष वेरिफिकेशन और चेकिंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। एसएसपी खुद आईएमए पहुंचकर अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की। इसके साथ ही ट्रैफिक संचालन पर भी मंथन हुआ। ताकि आम जनता को परेशानी न हो।
आईएमए समेत आस-पास के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां लगातार संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। खासतौर से जो लोग हाल ही में आईएमए के आसपास रहने को पहुंच रहे हैं, उन पर पैनी नजर है। एसएसपी ने मकान मालिकों से भी किराएदारों का सत्यापन कराने की अपील की।