देहरादूनः शाम तक लाइन में खड़े रहे यस बैंक के ग्राहक, नहीं मिल पाया कैश, होली रहेगी फीकी
- रविवार से तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, ग्राहक बोले-अब होली कैसे मनाएंगे
- सुबह आठ बजे से ही यस बैंक की शाखाओं के बाहर जुटी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संकट में फंसे यस बैंक के ग्राहकों के लिए शनिवार का दिन भी परेशानी भरा गुजरा। लोग बैंक के बाहर सुबह आठ बजे से लाइन में लगाकर खड़े रहे, लेकिन कैश नहीं मिलने पर उन्हें मायूस लौटना पड़ा। कई ग्राहकों की जुबां पर एक ही सवाल था कि हम होली कैसे मनाएंगे? उधर, बैंक ने ग्राहकों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन बांटे।
यस बैंक का बोर्ड भंग होने और ग्राहकों के लिए एक माह में 50 हजार रुपये कैश की लिमिट तय होने के बाद देहरादून में भी ग्राहकों में अफरातफरी का माहौल है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी बैंक खुलने से पहले सुबह आठ बजे से ही बैंक की शाखाओं पर ग्राहकों की भीड़ जुट गई। सुबह नौ बजे जब बैंक खुले तो भारी अफरातफरी देखने को मिली।
यस बैंक की दून में तीन शाखाएं और पांच एटीएम बूथ हैं। राजपुर रोड स्थित बैंक की शाखा पर भी सुबह से भीड़ दिखी। शाम चार बजे तक भी ग्राहक लाइन में लगे थे, लेकिन कैश नहीं मिल पाया। ग्राहकों का कहना है कि इस बार उनकी होली खराब हो गई है। चकराता रोड और आढ़त बाजार स्थित बैंक की शाखा के बाहर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बैंक में आने वाले खाताधारकों को बैंक के अधिकारी कैश से संबंधित जानकारी दे रहे थे।
शुक्रवार को टोकन दिए, शनिवार को पैसा नहीं मिला
राजपुर रोड स्थित बैंक की शाखा से शुक्रवार को ग्राहकों की भीड़ को संभालने के लिए टोकन दिए गए। उन्हें कहा गया कि शनिवार को कैश मिल जाएगा। शनिवार को जब टोकन लेकर ग्राहक बैंक पहुंचे तो पता चला कि कैश है ही नहीं। ग्राहकों को कहा गया कि जब कैश आएगा तो उन्हें फोन करके सूचना दे दी जाएगी।
तीन दिन बैंक बंद
अगले तीन दिन बैंक बंद रहेंगे। रविवार को अवकाश रहेगा। नौ और दस फरवरी को सभी बैंकों में होली की छुट्टी रहेगी। हालांकि यस बैंक के अधिकारियों का कहना है कि होली के मद्देनजर अगर उन्हें नौ फरवरी को बैंक खोलने के निर्देश मिले तो वह ग्राहकों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेंगे।
ग्राहकों का पैसा सुरक्षित: यस बैंक
यस बैंक ने सभी ग्राहकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसके लिए सभी ग्राहकों को ई-मेल और फोन के माध्यम से सूचनाएं भेजी जा रही हैं। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से नियुक्त एडमिनिस्ट्रेटर प्रशांत कुमार की ओर से अपील की जा रही है कि एक माह में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएंगी। लिहाजा, बैंक ग्राहक परेशान न हों। उनका पैसा सुरक्षित रहेगा।
हरिद्वार बैंक के बाहर ग्राहकों की लंबी कतार
रोड धर्मशाला के पास स्थित यस बैंक की शाखा में दूसरे दिन भी ग्राहक अपनी जमा नगदी को निकालने पहुंचे। लेकिन सुबह से नगदी न होने की बात कहकर बैंक अधिकारियों ने रुपये देने से इनकार कर दिया। ऐसे में लोग परेशान हो गए और अधिकारियों पर बहाने करने का आरोप लगाते रहे।
कई लोगों ने तो आक्रोश भी जताया और हंगामा भी करने लगे। उनके हंगामा करने पर भी किसी भी बैंक कर्मी ने कोई जवाब नहीं दिया। अधिकारी बार-बार बैंक से सभी की रुपये देने की बात कहते रहे, लेकिन लोग अपना गुस्सा उतारते रहे। करीब 500 ग्राहक कैश के लिए इधर-उधर भटकते रहे।