देहरादूनः एक डॉक्टर ने कई डॉक्टरों की जेब पर डाला डाका, ठग लिए 41.60 लाख रुपए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के एक डॉक्टर और उसकी पत्नी ने पांच डॉक्टरों से 41 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए और देहरादून से चंपत हो गए। दंपति ने उन्हें जम्मू में दवा कंपनी में हिस्सेदार बनाने का झांसा दिया था। आरोपी पति-पत्नी जम्मू निवासी बताए गए हैं। अस्पताल में कार्यरत डॉ. विवेक विजन, डॉ. पंकज दीक्षित, डॉ. नवनीत बडोनी, डॉ. अरविंद मक्कड़ और डॉ. बिमल कुमार दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे से मिलकर लाखों रुपये की ठगी की शिकायत की थी। एसपी सिटी ने पटेलनगर इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
पुुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी डॉ. राकेश भारती और उसकी पत्नी दीपिका भारती निवासी खानपुर पोस्ट नागरोटा, जम्मू के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। रिपोर्ट में बताया गया है कि डॉ. राकेश भारती भी उनके साथ अस्पताल में कार्यरत था। आरोपी ने झांसा दिया था कि उसने पत्नी दीपिका की मदद से जम्मू में चरक मेडिसिन एवं सर्जिकल कंपनी स्थापित कर रखी है। दोनों पति-पत्नी कंपनी के डायरेक्टर हैं। दंपति ने चिकित्सकाें को रजिस्टर्ड कंपनी में पूंजी निवेश के बदले कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच दिया था। डॉक्टरों ने उन पर विश्वास कर कंपनी में रकम लगा दी। चिकित्सकों से मोटी रकम वसूलने के बाद दंपति बच्चों के साथ जुलाई माह में बिना बताए देहरादून से गायब हो गए। आरोपी अब उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं।
चेक से दी थी रकम
लालच में फंसकर डॉ. विवेक विजन ने छह लाख 60 हजार, डॉ. विमल दीक्षित ने 10 लाख, डॉ. पंकज दीक्षित ने छह लाख 50 हजार, डॉ. नवनीत बड़ोनी ने 12 लाख 50 हजार और डॉ. अरविंद मक्कड़ ने छह लाख रुपये का निवेश कंपनी में किया था। आरोपी दंपति को धनराशि चेक से दी गई थी।
आरोपी दंपति के चेक हुए बाउंस
लाखों की रकम ऐंठने वाले चिकित्सक राकेश भारती और उसकी पत्नी दीपिका ने चिकित्सकों का विश्वास जीतने के लिए एडवांस चेक भी दिए थे। दंपति के गायब होने के बाद चिकित्सकों ने भुगतान के लिए चेक बैंक में लगाए थे, लेकिन खाते में रकम न होने के कारण चेक बाउंस हो गए।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सकाें से कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप प्रथमदृष्टया सही पाया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों का संकलन करने के साथ पुलिस जल्द ही आरोपी दंपति की तलाश में जम्मू जाएगी।
-श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक नगर