गजब! 20 साल पहले मर चुके व्यक्ति को जलसंस्थान ने भेजा नोटिस, मांगा 8 हजार रुपए बकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कोटद्वार में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जल संस्थान ने 20 साल पहले मर चुके एक व्यक्ति पर आठ हजार रुपए का राजस्व बकाया दिखाकर उसे नोटिस जारी किया है।
नोटिस से परिजन हैरान और परेशान हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी जलसंस्थान से पेयजल का कनेक्शन लिया ही नहीं था। परिवार के सदस्य मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना भरण-पोषण कर रहे हैं।
आमपड़ाव वाल्मीकि बस्ती निवासी जगदीश ने मंगलवार को तहसील दिवस में अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व. रोशन लाल पुत्र बनवारी का 20 वर्ष पूर्व निधन हो गया था।
जल संस्थान द्वारा हाल ही में उनके नाम पर एक नोटिस जारी किया है, जिसमें उन पर आठ हजार रुपये का राजस्व बकाया दिखाया गया है। जगदीश ने बताया कि उनके पिता नगर पालिका में सफाई कर्मचारी थे।
20 साल पहले उनकी बस्ती में पानी और सीवर की सुविधा भी नहीं थी। सभी बस्ती वाले सरकारी स्टैंड पोस्ट से ही पीने और नहाने धोने के लिए पानी भरा करते थे। एसडीएम को सौंपे शिकायती पत्र में जगदीश ने कहा कि वह मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आठ हजार रुपये देने की स्थिति में वह और उसका परिवार नहीं है।
उधर, जल संस्थान के एई बीआर चौधरी ने कहा कि मामला संज्ञान में आ चुका है। हाल ही में विभाग की ओर से पांच हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। मामले की जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।