Nihang Dispute: निहंगों की रिहाई के बाद सतर्कता, कड़ी पुलिस सुरक्षा में आज रात पहुंचेंगे पांवटा साहिब
चमोली की पुरसाड़ी जिला कारागार से जमानत पर रिहा हुए तीनों निहंगों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच आज रात पांवटा साहिब ले जाया जाएगा। ऋषिकेश एम्स में भर्ती घायल निहंग और देहरादून व हरिद्वार से पहुंचे सिख प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी उनके साथ पहुंचेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चमोली जिले की पुरसाड़ी जिला कारागार से जमानत पर रिहा किए गए तीनों निहंगों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच आज रात पांवटा साहिब ले जाया जाएगा। उन्हें कर्णप्रयाग से पुलिस की निगरानी में रवाना किया गया है।
वहीं, ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती घायल निहंग को भी रात में पांवटा साहिब ले जाने की सूचना है। देहरादून और हरिद्वार से पहुंचे सिख प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी निहंगों के साथ रात में पांवटा साहिब पहुंचेंगे। पूरे घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जमानत पर छोड़े गए निहंग
चमोली जिला कारागार पुरसाडी से अपराह्न साढ़े सात बजे तीनों निहंग जमानत पर छोड़ दिए गए हैं। तीनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में ले जाया गया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार भी सिख श्रद्धालुओं के साथ पुरसाड़ी कारागार पहुंचे। बचाव पक्ष के अधिवक्ता मोहन पंत की ओर से कारागार प्रशासन को जमानत की आवश्यक पत्रावली सौंपी गई। जिसके बाद तीनों को जमानत पर छोड़ दिया गया।
एम्स में भर्ती निहंग मनप्रीत भी डिस्चार्ज
कर्णप्रयाग में निहंग सरदारों और स्थानीय युवकों के बीच हुई मारपीट में घायल निहंग मनप्रीत को एम्स से छुट्टी दे दी गई है। उपचार के दौरान मनप्रीत एम्स में न्यायिक अभिरक्षा में था। चमोली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से जमानत मिलने के बाद उसे एम्स से डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
कर्णप्रयाग में हुई मारपीट की घटना में घायल होने के बाद मनप्रीत को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। वहीं, स्थानीय लोगों से मारपीट के आरोप में मनप्रीत के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मनप्रीत समेत चार निहंगों को गिरफ्तार किया था। शनिवार को चमोली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से चारों को जमानत मिल गई।