एनएच-74 घोटाला: पैरवी के लिए अब गठित होगा वरिष्ठ अधिवक्ताओं का पैनल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनएच-74 घोटाले के मामले में नैनीताल स्थित विशेष भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में चल रहे मुकदमों की पैरवी के लिए एसआईटी अब वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक पैनल गठित करने की तैयारी में है।
पैनल गठित करने के लिए एसआईटी पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जल्द ही एसएसपी से पत्राचार करेगी। शासनादेश के अनुसार अब तक जिला शासकीय अधिवक्ता को ही पैरवी के लिए नियुक्त किया गया है।
मार्च 2017 में एनएच-74 में घोटाला उजागर होने के बाद पंतनगर थाने में धारा 167, 218, 219, 409, 420, 465, 466, 467, 468, 471, 474, 120बी/34 और 13(1) घ 8/9 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसके बाद शासन के आदेश पर गठित एसआईटी ने घोटाले की जांच शुरू की। तीन वर्ष से लगातार चल रही जांच में एसआईटी की ओर से साक्ष्यों के आधार पर 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनमें से 25 के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। इनमें आरोप निर्धारण के लिए न्यायालय की ओर से 17 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है।
अभियोग में पैरवी के लिए शासनादेश के आधार पर अब तक सिर्फ जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) को ही नियुक्त किया गया है लेकिन पुलिस मुख्यालय के आदेश पर अब एसआईटी मुकदमों की पैरवी के लिए जिला शासकीय अधिवक्ता के साथ ही दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं का पैनल गठित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एसआईटी जल्द ही एसएसपी बरिंदरजीत सिंह से पत्राचार करेगी।