फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   ND tiwari shown the way of development

एनडी ने ‘उद्योगों की संजीवनी’ से तैयार किया था देवभूमि के विकास का रोडमैप

Fri, 19 Oct 2018 09:08 AM IST
अंकित कुमार गर्ग, अमर उजाला, रुड़की
अंकित कुमार गर्ग, अमर उजाला, रुड़की Updated Fri, 19 Oct 2018 09:08 AM IST
विज्ञापन
ND tiwari shown the way of development
nd tiwari - फोटो : ट्विटर

नवसृजित प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने रुड़की से प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया था। रुड़की के समीप भगवानपुर और हरिद्वार के सिडकुल में 13 वर्ष पहले 500 से अधिक उद्योगों की स्थापना का श्रेय तिवारी सरकार को ही जाता है। खरबों के निवेश से प्रदेश के लाखों लोगों को नौकरियां मिलीं और राज्य सरकार को हर साल करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता रहा। औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होने के बाद से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों की तरक्की किसी से छिपी नहीं है।

विज्ञापन


वर्तमान राज्य सरकार भले ही इन्वेस्टर्स समिट जैसे प्रयासों से देश और विदेश के उद्योगपतियों को रिझाने के लिए प्रयासरत हो, लेकिन आज से 13 साल पहले एनडी तिवारी ने मुख्यमंत्री बनते ही न केवल उद्योगों की स्थापना का तानाबाना बुना, बल्कि इसे धरातल पर भी उतारा। तिवारी की सोच का ही परिणाम था कि जिस समय नवसृजित उत्तराखंड में सड़क, बिजली आदि के विकास का ढांचा भी पूरा तैयार नहीं था, उस दौर में भी उन्होंने औद्योगिक घरानों को देवभूमि में इंडस्ट्री स्थापित करने के लिए राजी किया। इसी का नतीजा है कि आज भी भगवानपुर और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र राज्य के विकास की धुरी बना हुआ है।
विज्ञापन


वर्तमान में जिले में करीब 700 औद्योगिक इकाइयां हैं, जहां देश की ढेरों नामचीन कंपनियां उत्पादन कर रही हैं। औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के बाद से अकेले भगवानपुर क्षेत्र में ही एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। ट्रांसपोर्ट उद्योग में जबरदस्त उछाल आया है। यही नहीं औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के बाद से कौड़ियों के दाम बिकने वाली जमीनों के भाव भी बढ़े। इससे क्षेत्र में किसानों को उनकी जमीनों के दाम कई गुना ज्यादा मिले। वर्ष 2005 में जिन किसानों ने अपनी जमीनें उद्योगों को दीं, उन्होंने जमीनों के बदले मिली रकम से होटल, ढाबे, रेस्त्रां, फार्म हाउस, मोटर मैकेनिक समेत कई क्षेत्र में व्यापार की दिशा में कदम बढ़ाया। इससे क्षेत्र के गांवों का एक तरह से शहरीकरण हो गया और लोगों की जीवनशैली में काफी प्रगति देखने को मिल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

राजा वही है जो रात में जागे...

रुड़की के तत्कालीन चेयरमैन दिनेश कौशिक पूर्व सीएम एनडी तिवारी के साथ जुड़ी यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि पूर्व सीएम काफी संवेदनशील थे।

लोगों से बातचीत कर समस्या सुनना और उनका तात्कालिक समाधान करने की चाह उनमें हमेशा रहती थी। वर्ष 2005 के आसपास वे पूर्व सीएम के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। तभी अचानक नारसन चौराहे पर लोगों को देखकर उन्होंने कार रुकवाई। रात के 12 बजे थे, उन्हें कुछ लोगों ने मना भी किया, लेकिन वे नहीं माने और कहा कि यही समय होता है लोगों की वास्तविक समस्या जानने का।

उन्होंने कहा कि राजा वही है जो रात में जागे। इसके बाद एनडी ढाबे की ओर बढ़ने लगे तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि लखनौता चौराहे की सड़क खस्ताहाल है। इसके बाद वे अंधेरे में चौराहे की तरफ चल पड़े और समस्या जानी। नारसन से लखनौता चौराहा, झबरेड़ा इकबालपुर होते हुए देहरादून बाईपास का चौड़ीकरण कराया गया। साथ ही सड़कों के किनारे नालों का निर्माण कराया गया।

पैसा नहीं दूंगा, पहले आप प्रोजेक्ट बनाकर लाओ  

पैसा नहीं दूंगा, पहले आप प्रोजेक्ट बनाकर लाइए, योजना अच्छी होगी तो पैसे की कोई कमी नहीं आने दूंगा। यह बात पूर्व सीएम एनडी तिवारी ने रुड़की के पूर्व चेयरमैन को उस समय कहीं, जब वे कई विकास कार्यों के लिए बजट जारी कराने उनके पास दून पहुंचे थे। इसके बाद तिवारी की ओर से शहर में कई विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई। जिसका आज भी शहर के लोग लाभ ले रहे हैं।  
 
पूर्व सीएम कार्य कुशलता और तकनीकी दक्षता के कितने धनी थे, इसका अंदाजा रुड़की में कई प्रोजेक्ट को हरी झंडी देने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाने के हुनर से ही पता चलता है। पूर्व चेयरमैन दिनेश कौशिक बताते हैं कि नगर पालिका के पास अपना बड़ा बजट नहीं होता था, साथ ही राजस्व भी कम एकत्र होता था। उस समय सीएम रहते हुए एनडी तिवारी ने शहर के विकास के लिए कई बड़े बजट जारी किए। उन्होंने बताया कि पूर्व सीएम पहले प्रोजेक्ट रिपोर्ट देखते थे।

इसके बाद उन्हें जब लगता था कि वाकई में यह काम होना चाहिए, तभी मंजूरी देते थे। कौशिक ने बताया कि उनके सीएम रहते हुए शहर में नए पुल को मंजूरी मिली, निगम में कांप्लेक्स बनाया गया, समता पार्क और एकता पार्क का निर्माण कराया गया। कई वार्डों में कम्यूनिटी सेंटर एवं बारात घर बनवाए गए। उन्होंने बताया कि तिवारी के समय में ही शहर में पहली बार हॉट मिक्स प्लांट से सड़कें बनाने का काम शुरू हुआ था। 

बंजर भूमि पर उगाई उद्योगों की फसल

उत्तराखंड गठन तक हरिद्वार की पहचान तीर्थनगरी के रूप में ही थी। राज्य बनने के बाद पहली बार निर्वाचित सरकार के सीएम एनडी तिवारी बने तो उन्होंने हरिद्वार को तीर्थ के साथ उद्योगनगरी के रूप में भी पहचान दिलाई। उनके शासनकाल में ही सिडकुल की स्थापना हुई और यहां सैकड़ों उद्योग स्थापित हुए। आज इन उद्योगों से प्रदेश के साथ दूसरे राज्यों के हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए सहारनपुर से अलग करके हरिद्वार को जिला बनाने का श्रेय भी एनडी तिवारी को दिया जाता है। 

सुलझे हुए राजनेता के रूप में विभिन्न पदों पर रहते हुए देश की सेवा करने वाले उत्तराखंड के पूर्व सीएम नारायण दत्त तिवारी के निधन से पूरे देश के साथ उत्तराखंड में भी शोक की लहर है। उनके निधन के बाद उन्हें सबसे ज्यादा याद हरिद्वार के लोग कर रहे हैं। हरिद्वार जिले ने विकास के जो आयाम छूए उसमें सबसे ज्यादा योगदान एनडी तिवारी का है। उत्तराखंड बनने के बाद ही नहीं उससे पहले ही उन्होंने जिले के विकास की नींव रख दी थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सीएम रहते समय हरिद्वार को अलग जिला बनाया। वर्ष 1988 में जब यूपी के सीएम के रुप में उनका कार्यकाल अंतिम चरण में था तो हरिद्वार के पुराने कांग्रेसियों की मांग पर एनडी तिवारी ने 28 दिसंबर 1988 को अलग जनपद का गठन किया था।

वर्ष 2000 में जब उत्तराखंड अलग राज्य बना तो पहले विधानसभा चुनाव को जीतकर जब कांग्रेस को सत्ता मिली तब वरिष्ठतम नेता नारायण दत्त तिवारी को कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश का सीएम बनाया। उसी समय एनडी तिवारी ने अपनी विकास पुरुष की छवि के अनुरुप निर्णय लेते हुए जिला मुख्यालय से सटे रोशनाबाद गांव के पास बंजर भूमि पर औद्योगिक नगर का निर्माण कराया। इसके अलावा भगवानपुर, लक्सर और मंगलौर के आसपास भी उद्योग लगवाए। इन उद्योगों के लगने के बाद युवाओं को सिर्फ रोजगार नहीं मिला बल्कि आसपास के इलाकों की तस्वीर भी बदल गई। आज हजारों ग्रामीणों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है। हरिद्वार मैन्यूफैक्चर्स के अध्यक्ष हरेंद्र गर्ग ने पूर्व सीएम एनडी तिवारी के निधन को औद्योगिक जगत के बड़े हितैषी युग का अंत बताया। उन्होंने कहा कि सिडकुल की स्थापना कर उन्होंने विकास का बड़ा अध्याय लिखा। उद्योगपति मनमोहन जैन, रंजीत जालान, विकास गर्ग, हिमेश कपूर, अरविंद चौहान आदि ने एनडी तिवारी के निधन पर शोक जताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed