{"_id":"6af9cdf33dc000c9d70554fe","slug":"mussoorie-altercation-between-tourists-and-a-local-taxi-driver-cases-registered-based-on-complaints-from-both-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"मसूरी: पर्यटकों और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच मारपीट, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मसूरी: पर्यटकों और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच मारपीट, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज
Sun, 15 Nov 2026 08:55 PM IST
Alka Tyagi
संवाद न्यूज एजेंसी, मसूरी
संवाद न्यूज एजेंसी, मसूरी
Published by: Alka Tyagi
Updated Sun, 15 Nov 2026 08:55 PM IST
सार
जांच में सामने आया कि दिल्ली से आए पर्यटकों की कार की स्थानीय टैक्सी से टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विज्ञापन
मसूरी में मारपीट
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पर्यटन नगरी मसूरी में शनिवार रात पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। पिक्चर पैलेस बैरियर के पास दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और हंगामे में बदल गई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दिल्ली से आए पर्यटकों की कार की स्थानीय टैक्सी से टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान टैक्सी चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने पर्यटकों की कार के शीशे तोड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। वहीं, स्थानीय टैक्सी चालक प्रकाश भट्ट ने पर्यटकों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर दिल्ली निवासी महिला पर्यटक श्रुति गुप्ता पत्नी वरुण गुप्ता निवासी विवेक विहार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की तथा उनकी छाती पर हाथ मारा। पुलिस ने महिला की शिकायत पर स्थानीय निवासी प्रकाश भट्ट, प्रीतम रावत समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
वहीं, प्रकाश भट्ट की तहरीर पर दिल्ली नंबर की कार के अज्ञात चालक के खिलाफ भी अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
UK Top News: औली-बदरीनाथ में बर्फबारी, सीएम की बड़ी घोषणा, जंगल सफारी शुरू, अंकिता हत्याकांड में नया मोड़
भगत सिंह चौक पर पर्यटक पर रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप
शनिवार रात भगत सिंह चौक के पास भी पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान दिल्ली नंबर के वाहन में सवार एक व्यक्ति ने रिवॉल्वर निकालकर स्थानीय लोगों को दिखाई और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पर्यटक की गाड़ी से स्थानीय कार को टक्कर लगने के बाद विवाद शुरू हुआ था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों का मसूरी में स्वागत है, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद करना और हथियार दिखाकर लोगों को डराना शहर की शांति के लिए ठीक नहीं है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि घटना के दौरान पुलिस की जांच में मौके से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
