घर में सो रहे माँ-बेटा पर अचानक गिरी छत, मलबे में दबे देख सास हुई बेहोश
पौड़ी के बाली कंडारस्यूं पट्टी के मिलई गांव में मंगलवार सुबह मकान ढहने से मां और बेटा घायल हो गए। मलबा आने से घर की छत अचानक भरभराकर गिर गई। ऐसे में बहु और पोते को मलबे में दबा देख सास भी बेहोश हो गई।
इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह मिलई गांव में कांति देवी पत्नी बिनोद पोखरियाल (25) अर्जुन पुत्र बिनोद पोखरियाल (3) घर के अंदर चारपाई पर बैठे थे, जबकि सास सुदामा देवी घर के बाहर खड़ी थी।
इसी दौरान मकान अचानक ढह गया, जिसमें घर के अंदर मौजूद मां व बेटा मलबे में दब गए। अचानक हुई घटना को देख बाहर खड़ी सुदामा देवी बेहोश हो गई।
मलबे में दबा घर का सारा सामान
मकान के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच मलबे में दबे मां व बेटों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
मकान ढहने से प्रभावितों का सारा सामान सहित वर्तन व खाने पीने की सभी चीजें मलबे में दब गईं। उनको ग्रामीणों के सहयोग से निकाल दिया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मी व एसडीएम केएस नेगी ने प्रभावित परिवार को गांव के पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया है। एसडीएम ने बताया कि भवन ढहने से मां व बेटे घायल हो गए थे। उन्हें हल्की चोटें आई हैं।