उत्तराखंड: एसओपी का इंतजार किए बिना शुरू होगी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी, अगले साल फरवरी-मार्च में प्रस्तावित
राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी से जुड़ी तैयारियों को अब सरकारी मंजूरी की प्रक्रिया के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा। खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि एसओपी को अंतिम स्वीकृति मिलने का इंतजार किए बिना आयोजन से जुड़े जरूरी काम शुरू किए जाएंगे।
विस्तार
खेल विभाग एसओपी का इंतजार किए बिना अगले साल 2027 में फरवरी-मार्च में मेघालय में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों की तैयारी शुरू करेगा। विभाग ने आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के मुताबिक एसओपी का प्रस्ताव वित्त विभाग में है। हालांकि अभी विभागीय स्तर पर इसकी मंजूरी नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि एसओपी की मंजूरी की प्रक्रिया अपने स्तर पर चल रही है लेकिन इसके कारण राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को रोका नहीं जाएगा। आयोजन से जुड़ी प्रारंभिक तैयारियां और आवश्यक कार्य पहले से शुरू किए जाएंगे ताकि समय रहते व्यवस्थाओं को पूरा किया जा सके। विभाग का फोकस खेल स्थलों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को समय पर तैयार करने पर रहेगा।
एसओपी को मंजूरी मिलने के बाद तैयारियों की प्रक्रिया को उसके अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा। अपर निदेशक खेल एवं युवा कल्याण अजय अग्रवाल के मुताबिक राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए एसओपी का प्रस्ताव निदेशालय शासन को भेज चुका है, इस पर वित्त विभाग की ओर से आपत्ति लगाई गई थी। आपत्ति का निपटारा कर इसे शासन को भेजा जा चुका है।
तैयारियों के समय कम
राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर कम समय बचा है, खेलों से पहले खिलाड़ियों के लिए विशेष कैंप लगाकर प्रशिक्षण, एसोसिएशनों की ओर से राष्ट्रीय खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन, फिजियोथेरेपिस्ट और कोच की तैनाती एवं अन्य खेल सुविधाएं उपलब्ध करानी होती है, इसके लिए शासन की ओर से एसओपी जारी की जानी होती है लेकिन बताया गया है कि फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती को लेकर वित्त विभाग की ओर से आपत्ति लगाई गई है।
राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को लेकर एसओपी का मामला वित्त विभाग में है, खेल विभाग के पास पर्याप्त बजट है, विभाग एसओपी की मंजूरी का इंतजार किए बिना राष्ट्रीय खेलों की तैयारी शुरू करेगा। -अमित सिन्हा, विशेष प्रमुख सचिव खेल
ये भी पढ़ें...बदरीनाथ धाम में बर्फबारी: बदला मौसम का मिजाज, सफेद चादर से ढकी चोटियां, खूबसूरत हुआ नजारा, ठंड ने बढ़ाई ठिठुरन
खेल विभाग का एसओपी का प्रस्ताव किस स्तर पर है, इसे दिखवाया जाएगा। प्रकरण संज्ञान में लाने पर शीघ्र इसका निपटारा किया जाएगा। -आरके सुधांशु, प्रमुख सचिव वित्त