नैनीताल: सिलिंडर फटने से दुकान में लगी भीषण आग, चपेट में आई 45 झोपड़ियां भी जलकर राख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के रामनगर में कालूसिद्ध-नई बस्ती में एक दुकान में छोटा सिलिंडर फटने से आग लग गई। धीरे-धीरे इस आग से एक के बाद एक 45 झोपड़ियां जल गईं। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में साढ़े तीन घंटे लग गए। आग की वजह से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
कालूसिद्ध में विजय कुमार की दुकान में रखा घरेलू गैस का छोटा सिलिंडर रविवार सुबह करीब 11:30 बजे फट गया और आग लग गई। गर्मी की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर दिया और पुआल से बनी आसपास की झोपड़ियों तक आग फैल गई। एक-एक कर करीब 45 झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। लोग अपनी झोपड़ियों से भागकर सुरक्षित स्थान पर जाने लगे।
मौके पर तीन सिलिंडर भी फटे, जिस कारण आग इतनी तेजी से फैली कि लोग झोपड़ियों से सामान नहीं निकाल पाए। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने लगी। पेयजल टैंकरों से भी पानी डाला गया। वन ग्राम समिति के अध्यक्ष एस लाल ने बताया कि झोपड़ियां खनन मजदूरों की थीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
इन लोगों का हुआ नुकसान
दुकानदार विजय कुमार ने करीब छह लाख रुपये, जगपाल का एक लाख, रामविलास ने 70 हजार, प्रेमपाल, हरफूल, लाखन ने 50-50 हजार, हरपाल, धीरपाल ने 40-40 हजार, जगपाल, रामभूतो पत्नी जवाहर लाल ने 10-10 हजार की क्षति बताई। अन्य लोगों का भी हजारों रुपये का सामान जला है।
आग में जल गया दहेज का सामान
मूलरूप से रामपुर के रहने वाले हरफूल की बेटी राखी की शादी 19 मई को होनी है। शादी के लिए उसके पिता द्वारा दहेज का सामान एकत्र किया था, जिसमें बाइक, सोने के कुंडल, चांदी के पायल, 25 हजार रुपये के नए कपड़े, दस हजार रुपये की नकदी भी जल गई। झोपड़ी के साथ बेटी की शादी के लिए दहेज का सामान जलने से परिवार गमगीन है। अब बेटी शादी किस तरह करें, इसकी भी फिक्र हो गई है।
पीपलसाना में गेहूं के खेत में लगी आग
पीपलसाना, बेरिया, ललितपुर में गेहूं के खेतों में आग लग गई, हालांकि गेहूं काट लिया गया था। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। पीपलसाना, बेरिया, ललितपुर की सीमा पर शीतल सिंह, अमरीक सिंह, प्रीतम कौर के खेत आसपास हैं। कंबाइन से कटाई के बाद खेत में खड़े गेहूं के डंठल में आग लग गई। आग को अन्य खेतों में फैलने से पहले ही रोक लिया गया और आग को बुझा दिया गया। प्रभारी एफएसओ सुशील कुमार ने बताया कि सभी जगह दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।