देवभूमि उत्तराखंड में रखा जाएगा भगवान बुद्ध का अस्थि कलश
ऊधमसिंह नगर के बहादरपुर गांव में स्थित बौद्ध मठ में आगामी जनवरी में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए भगवान बुद्ध का अस्थि कलश रखा जाएगा। अस्थि कलश रखने के लिए मठ प्रांगण में नए स्तूप का निर्माण होगा।
स्तूप का निर्माण कराने के लिए बैंकाक से इंजीनियर आएंगे। बौद्ध मठ के मठाधीश लाग महानायक महाथेरा अस्थि कलश लेकर बैंकाक से दिल्ली आ चुके हैं। दिल्ली से लाग महानायक महाथेरा ने बताया कि उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बैंकाक में बौद्ध सम्मेलन में गया था।
थाइलैंड के सर्वोच्च संघ परिषद के अध्यक्ष सोमडेजफा महाराज ने भगवान बुद्ध के अस्थि कलश को भारत ले जाने के लिए उन्हें सौंपा है।
पहली बार भारत आया अस्थि कलश
अस्थि कलश आम जनता के दर्शन के लिए ग्राम बहादरपुर के बौद्ध मठ में जनवरी 2017 में रखा जाएगा। अस्थि कलश रखने के लिए मठ प्रांगण में बैंकाक के इंजीनियरों की देखरेख में नए स्तूप का निर्माण कराया जाएगा। वहीं जनवरी में ही मठ पर बौद्ध सम्मेलन का आयोजन भी होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने के लिए 65 देशों के श्रद्धालुओं, धर्मगुरुओं को निमंत्रण भेजा जा रहा हैं। प्रतिनिधि मंडल में विशेष सलाहकार सांस्कृतिक मंत्रालय भारत सरकार एमके औतानी, कुलवंत सिंह, डॉ. राजकुमार अग्रवाल आदि थे।
भगवान गौतम बुद्ध का अस्थि कलश पहली बार भारत लाया गया है। अभी अस्थि कलश को नई दिल्ली स्थित बौद्ध मठ में रखा गया है। नवंबर में अस्थि कलश को हापुड़ और दिसंबर में देहरादून स्थित बौद्ध मठ में रखा जाएगा। इसके बाद जनवरी में अस्थि कलश को जसपुर के बहादरपुर मठ में रखा जाएगा।