मां की गोद में दूध पी रहे मासूम को उठा ले गया गुलदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश स्थित बदरीनाथ हाईवे पर मोतीचूर बस्ती में रसोई घर में मां की गोद में बैठकर दूध पी रहे ढाई साल के मासूम को गुलदार झपटकर ले गया। अचानक हुए गुलदार के हमले से परिजनों के होश उड़ गए। शोर करने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन पर घर से कुछ दूरी पर बालक का शव मिला।
आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को नरभक्षी घोषित करने, सुरक्षा दीवार दस फीट करने और शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग पर बच्चे का शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात सवा 11 बजे रेंज अधिकारी मोतीचूर महेंद्र गिरी गोस्वामी, दिनेश उनियाल हरिद्वार के ग्रामीणों की मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया।
बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे मोतीचूर बस्ती में दिलशाद की पत्नी ढाई वर्षीय बालक आहिल खान को रसोई घर में दूध पिला रही थी। तभी अचानक गुलदार ने झपट्टा मारा और गोद से बालक को उठाकर ले गया।
शोर मचाते गुलदार के पीछे भागे परिजन
मां के शोर मचाने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन शोर मचाते हुए गुलदार के पीछे भागे। इतने में आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। काफी तलाशने के बाद बालक का शव घर से कुछ दूरी पर मिला।
आबादी में रसोई के भीतर गुलदार के पहुंचने और बच्चे को मार डालने से लोगों में गुस्सा भड़क गया। लोगों ने बालक के शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग करने लगे। हादसे के ढाई घंटे तक किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
मौके पर हरिपुरकलां की पूर्व प्रधान सविता शर्मा, ग्रामीण अनिल शर्मा, मनोज जखमोला, ग्राम प्रधान सतेंद्र धमांदा, मांगी राम के अलावा एसपी ट्रैफिक कुंभ श्वेता चौबे, सीओ ऋषिकेश चक्रधर अंथवाल, एसओ रायवाला प्रदीप चौहान थे।