महाकुंभ 2021: तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने पर देहरादून से चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
- रेलवे बोर्ड, मंडल मुख्यालय के निर्देश पर दून रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के दो रैक तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार महाकुंभ के मुख्य स्नान पर्वों पर तीर्थयात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने पर दून रेलवे स्टेशन से दो ट्रेनों को रवाना किया जाएगा। रेलवे बोर्ड और मंडल मुख्यालय के निर्देश पर दून रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के दो रैक तैयार रखे गए हैं। साथ ही लोको पायलटों, गार्ड और चेकिंग स्टाफ की भी ड्यूटी लगा दी गई है।
वैसे तो हरिद्वार महाकुंभ में इस बार कोरोना संकट के चलते बहुत अधिक तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद थोड़ी कम है, लेकिन इसके बावजूद रेलवे बोर्ड और मंडल मुख्यालय की ओर से तैयारियां पूरी की गई हैं।
तीर्थयात्रियों को आने जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसे लेकर रेलवे बोर्ड, मंडल मुख्यालय की ओर से दो दर्जन से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है, लेकिन यदि विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए दून रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेनों को तैयार रखा गया है।
महाकुंभ 2021: दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर वाहनों का दबाव होगा कम, फलौदा से होकर हरिद्वार भेजे जाएंगे श्रद्धालु
स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर ने बताया कि रेलवे बोर्ड और मंडल मुख्यालय के निर्देश पर दो ट्रेनों को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया हैं। यदि तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही ट्रेनों की जरूरत पड़ती है तो आधे घंटे के नोटिस में दोनों ट्रेनों को हरिद्वार रवाना कर दिया जाएगा।
बता दें कि कोरोना संकट के चलते देहरादून-इंदौर, देहरादून-उज्जैन और देहरादून-अमृतसर जैसी ट्रेनों का संचालन पहले से ही ठप है ऐसे में इन ट्रेनों के रैक भी दून रेलवे स्टेशन पर ही खड़े हैं। लिहाजा, रेल प्रशासन को ट्रेनों के रैक को लेकर किसी भी प्रकार का संकट नहीं है।
लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन पर कोरोना का ‘ग्रहण’
तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस का संचालन फिलहाल खटाई में पड़ गया है। रेल मंडल मुख्यालय की ओर से ट्रेन के संचालन को लेकर भेजे गए प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी नहीं दी है। वहीं, देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस और देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन भी नहीं किया जा रहा है।
बता दें कि रेलयात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेल मंडल मुख्यालय की ओर से देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को लेकर प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया था।
इसमें दस अप्रैल से ट्रेन को संचालित करने की मांग की गई थी। रेलवे के सूत्रों के अनुसार पंजाब में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते रेलवे बोर्ड ने फिलहाल लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी नहीं दी है। इस संबंध में जब स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर से जानकारी दी गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस के संचालन को लेकर कोई आदेश नहीं मिला है। ऐसे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।