कोरोना जांच फर्जीवाड़ा: द्वाराहाट से चुनाव लड़ना चाहता था आरोपी शरत, दिल्ली में बड़े नेताओं से है संपर्क
शरत पंत ने राजनेताओं में अपनी अच्छी खासी पहचान बनाई हुई थी। वह राजनेताओं के साथ फोटो खींचकर लगातार अपने फेसबुक पर अपलोड करता था।
विस्तार
कोरोना जांच फर्जीवाड़े में मुख्य आरोपी शरत पंत 2022 के विधानसभा चुनाव में द्वाराहाट सीट से तैयारी कर रहा था। इसके लिए क्षेत्र में होर्डिंग्स व बैनर लगवाकर दावेदारी भी कर चुका था। वह लगातार दिल्ली जाकर भी एक प्रमुख पार्टी के कई नेताओं के संपर्क में था।
बताया जा रहा है इस बार शरत द्वाराहाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा था। इसके लिए उसने पूरे क्षेत्र में अपने होर्डिंग्स व बैनर भी लगवाए हुए थे। क्षेत्र में लगातार अपने समर्थकों की संख्या भी शरत बढ़ाने लगा था। टिकट पाने के लिए शरत लगातार दिल्ली के चक्कर भी काट रहा था। शरत अपने एक रिश्तेदार के चलते इस बार टिकट पाने का पूरा प्रयास कर रहा था।
कुंभ कोरोना जांच फर्जीवाड़ा: मैक्स कॉरपोरेट सोसाइटी के पार्टनर शरद और मल्लिका पंत गिरफ्तार
नोएडा की पॉश कालोनी में है शरत की आलीशान कोठी
नोएडा के सेक्टर 49 की पॉश कालोनी में शरत पंत की आलीशान कोठी है। उसके ठाठ-बाट भी पूरी तरह से रइसों वाले हैं। एसआईटी की टीम जब पंत दंपती की कोठी में घुसी तो वहां नजारा कुछ और ही दिखा।
रुद्रप्रयाग की रहने वाली हैं मल्लिका पंत
शरत पंत की पत्नी मल्लिका पंत का मायका रुद्रप्रयाग में है। मल्लिका का मायका क्षेत्र में पूरी तरह से संपन्न है और मायके वालों का क्षेत्र में अच्छा-खासा रुतबा है।
बैरक नंबर 2 बी शरत का नया पता
कोरोना जांच फर्जीवाड़े में मुख्य आरोपी शरत पंत का नया पता अब जिला कारागार रोशनाबाद की बैरक नंबर 2 बी रहेगा। वहीं उसकी पत्नी मल्लिका को महिला बैरक के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पंत दंपती को न्यायालय में पेश करने के बाद शाम पांच बजकर 16 मिनट पर जेल के भीतर दाखिला कराया गया।
महाकुंभ 2021 में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं की जांच में फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपियों शरत व मल्लिका पंत को एसआईटी ने नोएडा के सेक्टर 48 स्थित फ्लैट नंबर बी-56 से गिरफ्तार किया। इसके बाद टीम उन्हें हरिद्वार लेकर पहुंची और यहां पर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल में दाखिल कराया। जेल में शरत पंत को बैरक नंबर 2 बी में रखा गया है। वहीं उसकी पत्नी मल्लिका को महिला बैरक के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जेल अधिकारियों के मुताबिक जेल में दाखिल होने के बाद दोनों का व्यवहार पूरी तरह से सामान्य दिखा।