उत्तराखंड में किसान महापंचायत: राकेश टिकैत ने भरी हुंकार, बोले-अभी तो शुरुआत है, लंबा चलेगा आंदोलन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हरबर्टपुर में हुई किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून लागू हुए तो किसानों की जमीन पर पूंजीपतियों का कब्जा होगा। किसान मजदूर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तो शुरुआत है। किसान आंदोलन लंबा चलेगा। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर जनविरोधी सरकार के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
रुद्रपुर किसान महापंचायत में बोले राकेश टिकैत, उद्योगपतियों को एक भी इंच जमीन नहीं देंगे किसान
हरबर्टपुर बस अड्डा परिसर में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश से लेकर यूपी से हजारों किसानों की भीड़ उमड़ी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार के बनाए कृषि कानून देश में खेती को खत्म कर देंगे। इसमें पहले किसानों की जमीन पर पूंजीपतियों का कब्जा कराया जाएगा। उसके बाद किसानों को मजदूर बनाया जाएगा जो कारखानों में न्यूनतम वेतन पर काम करेंगे। कहा कि देश में कांट्रेक्ट फार्मिंग लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में सेब की खेती को बर्बाद कर दिया गया है। अब पूरे देश में खेती को बर्बाद करने की योजना है। कहा कि देश में श्रमिक कानून पूरी तरह से बदल गए हैं। इन कानूनों को बदल ठेका प्रथा को बढ़ावा देने का एक पूरा प्लान बनाया गया है, इसलिए सभी लोग एकजुट होकर किसानों की लंबी लड़ाई में उसका साथ देंगे तो जीत किसानों की होगी।
केंद्र सरकार रेलवे स्टेशन से लेकर पूरे रेलवे को बेचने की तैयारी है। 2022 तक रेलवे से चार लाख कर्मचारियों को समय से पहले नौकरी से निकाल दिया जाएगा। निजीकरण के नाम पर एयरपोर्ट से लेकर, बीएसएनल आदि करीब 26 बड़े संस्थानों को बेचने की तैयारी है। इस मौके पर किसान यूनियन के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत खराब है। कहा कि यह सरकार किसान व गैर किसानों को बांटने का काम कर रही है।
किसान नेताओं की रिहाई न होने पर करेंगे भाजपा नेताओं का बहिष्कार
गुजरात और बंगलूरू में किसान आंदोलन से जुड़े किसान नेताओं की गिरफ्तारी पर किसान नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए शाम तक किसान नेताओं की रिहाई न होने पर देशभर में भाजपा नेताओं के बहिष्कार की बात कही।
विकासनगर के हरबर्टपुर में किसान संयुक्त मोर्चा की ओर से आयोजित किसान महापंचायत में पहुंचने पर राकेश टिकैत का सैकड़ों किसानों ने भव्य स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारतीय किसान यूनियन सहित किसान आंदोलन से जुड़े तमाम नेताओं और किसानों ने भी किसान महापंचायत में शिरकत की।
इस दौरान किसान नेता राकेश टिकैत ने किसान आंदोलन से जुड़े नेताओं की गिरफ्तारी पर आक्रोश प्रकट करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर शाम तक पुलिस हिरासत में लिए गए किसान नेताओं की रिहाई नहीं की गई तो देश भर में भाजपाइयों का बहिष्कार होगा और उन्हें गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार को भी लिया आड़े हाथों
दूसरी ओर उत्तराखंड के किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने राज्य सरकार को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि प्रदेश किसानों के लिए अगर राज्य सरकार ने अपनी नीतियों में जल्द सुधार नहीं किया तो बड़े स्तर पर आंदोलन होगा और सारे राज्य की सीमाओं को सील कर दिया जाएगा, जिसे प्रदेश की सरकार दो दिन भी नहीं झेल पाएगी।
बांध प्रभावितों का शीघ्र भुगतान करे सरकार
राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार हथियारी व्यासी परियोजना के प्रभावित किसानों का शीघ्र भुगतान किया जाए, अन्यथा पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे परियोजना के कार्यों को बंद किया जाएगा।
किसान महापंचायत में राकेश टिकैत ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने यदि शीघ्र हत्यारी बांध प्रभावितों का भुगतान नहीं किया गया तो पूरे पहाड़ के लोगों को जागरूक करके विभिन्न क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं के कार्यों को बंद करवाना पड़ेगा। उन्होेंने कहा कि सभी बांध पीड़ितों का शीघ्र भुगतान किया जाए। किसान नेता राकेश टिकैत ने जौनसार बावर को स्विजरलैंड का दर्जा दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच दौलत कुंवर ने सबसे पहले जौनसारी टोपी पहनाकर राकेश टिकैत का स्वागत किया। दौलत कुंवर ने कहा कि बेटी मारोगे तो बहू कहां से लाओगे किसान को मार डालोगे तो रोटी कहां से खाओगे। उन्होंने कहा कि 2014 से आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादे किए हैं, वे पूरे नहीं किए गए। किसान पंचायत में कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय किशोर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त किसान मोर्चा की प्रदेश प्रभारी उषा तोमर ने की।
आप ने किया किसान आंदोलन का समर्थन
आप अध्यक्ष ने कहा किसानों के आंदोलन को 100 दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन केंद्र सरकार किसानों की लगातार अनदेखी कर रही है। आंदोलन के दौरान कई किसानों ने अपनी जानें भी गवाई। फिर भी किसानों के साथ वार्ता का ढोंग किया जा रहा है। जिसका आज तक कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा अलग-अलग प्रदेशों में हो रहे चुनाव में दिलचस्पी ले रही है। उन्हें देश के अन्नदाता से कोई मतलब नहीं है। जो किसानों मेहनत से पूरे देश के लिए अनाज, फल और सब्जियां पैदा करता है, उसी किसान को कभी उग्रवादी तो कभी खालिस्तानी कहा जाता है।
इस मौके पर आप उपाध्यक्ष रजिया बेग, प्रदेश संयुक्त सचिव भरत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता उमा सिसोदिया, वीरेंद्र सिंह, गुलफाम, विपिन नेगी, डिंपल सिंह समेत कई आप कार्यकर्ता मौजूद रहे।