काशीपुर: मालगाड़ी के पटरी से उतरने के मामले में स्टेशन मास्टर समेत तीन निलंबित
- पटरी से मालगाड़ी का इंजन उतरने के मामले में हुई कार्रवाई
- जांच के लिए चार सदस्यीय टीम भी बनाई, एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशीपुर में शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के इंजन के पटरी से उतरने के मामले में काशीपुर के स्टेशन मास्टर, शंटिंग मास्टर और लोको पायलट को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम भी बनाई गई है। टीम से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है।
18 जनवरी को बाजपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 39 के पास शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए थे। पायलट ने इंजन को मौके पर ही रोक दिया और सूचना अधिकारियों को दी। सूचना पर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एसएस डुंगरियाल, आरपीएफ निरीक्षक ओपी मीणा, मैकेनिकल इंजीनियर, ऑपरेशन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
रात आठ बजे तक रेलवे कर्मी इंजन को पटरी पर चढ़ाने का प्रयास करते रहे। उसी रात लालकुआं से वरिष्ठ इंजीनियर (यांत्रिक), सहायक मंडल सुरक्षा अधिकारी राहत गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद इंजन को पटरी पर लाया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 जनवरी को मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने लोको पायलट बृजेश कुमार, काशीपुर स्टेशन मास्टर विनोद कुमार, शंटिंग मास्टर उमा शंकर को दोषी मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम बनाई गई है, जिसमें एओएमजी महावीर प्रसाद, ओएनएस रजत प्रताप सिंह, एबीएसओ बीएल मीना, एडीएसटीई धनंजय सिंह को शामिल किया गया है। टीम को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।
दो फरवरी से चलेगी त्रिवेणी एक्सप्रेस
रेलवे ने टनकपुर से ट्रेनों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दो फरवरी से त्रिवेणी एक्सप्रेस दौड़ने के साथ ही टनकपुर-दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने की तैयारी भी तेज हो गई है। हालांकि रेलवे ने अभी जनशताब्दी के संचालन की तिथि और समय सारिणी घोषित नहीं की है, लेकिन जनशताब्दी एक्सप्रेस का रैक टनकपुर स्टेशन पहुंचने से उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी में जनशताब्दी भी यहां से दिल्ली के लिए चलने लगेगी।
कोरोना काल में लागू देशव्यापी लॉकडाउन के बाद 10 माह से टनकपुर से रेल सेवा बंद है। अब रेलवे ने दो फरवरी से त्रिवेणी एक्सप्रेस को स्पेशल एक्सप्रेस बनाकर चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए रेलवे ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। दो फरवरी से त्रिवेणी एक्सप्रेस सप्ताह में टनकपुर से चार दिन शक्तिनगर और तीन फरवरी से तीन दिन सिंगरौली के लिए रवाना होगी। इसमें यात्रा के लिए यात्रियों को सीट आरक्षित करानी होगी। यात्रा से पूर्व और यात्रा के दौरान कोरोना से बचाव के लिए रेलवे की गाइडलाइन का भी सख्ती से पालन करना होगा। इधर रेलवे ने त्रिवेणी एक्सप्रेस के साथ ही टनकपुर से दिल्ली के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाने की भी तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को इस एक्सप्रेस का रैक टनकपुर स्टेशन पहुंचने से इसके जल्द चलने की उम्मीद है।
खटीमा के स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि जनशताब्दी चलाने की तैयारी की जा रही है, लेकिन अभी इसके संचालन की समय सारणी और तिथि तय नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल ट्रायल के लिए इस एक्सप्रेस का रैक टनकपुर भेजा गया है। रैक से अनफिट बोगियों को वापस भेजा जा सकता है। पखवाड़ेभर पहले रेल मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी की पहल पर टनकपुर से जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी थी।